कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी ने कहा- बुंदेलखंड के विकास की खातिर भाजपा में शामिल हुआ

Estimated read time 1 min read

लोधी ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं

भोपाल. मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल की मलहरा सीट से कांग्रेस के टिकट पर डेढ वर्ष पहले विधायक चुने गए प्रद्युम्न सिंह लोधी ने आज यहां विधायक पद से त्यागपत्र देने के बाद औपचारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में श्री लोधी ने भाजपा की औपचारिक तौर पर सदस्यता ग्रहण की। 

इस मौके पर लोधी ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने अपने अंचल की एक सिंचाई परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसे मुख्यमंत्री ने आज ही स्वीकृति प्रदान कर दी। यह परियोजना साढ़े चार सौ करोड़ रुपयों की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के मुख्य ध्येय को लेकर ही कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड अंचल का विकास भी उनकी प्राथमिकता है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी इसी अंचल से आते हैं और उनकी भी भावनाओं के अनुरूप इस अंचल का विकास किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोधी ने विधानसभा की सदस्यता त्याग कर भाजपा का दामन थामा है। यह उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए किया है और उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी कहा कि लोधी बुंदेलखंड के विकास के लिए भाजपा में आए हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में पहले के वर्षों में भी काफी विकास हुआ है और आगे भी होगा।

More From Author

+ There are no comments

Add yours