- प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य शासकीय योजना के तहत तत्काल नए मकान स्वीकृत किए जाएं
बैतूल। भीमपुर ब्लॉक के ग्राम बर्राढाना में हुई भीषण आगजनी के बाद पीड़ित परिवारों के पूर्ण पुनर्वास और उचित मुआवजे को लेकर सरपंच एकता महासंघ मध्य प्रदेश ने बुधवार को अपर कलेक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में हुई इस हृदयविदारक घटना में कई गरीब परिवारों के मकान जलकर खाक हो गए, साथ ही अनाज, कपड़े, बर्तन और जीवनभर की जमा पूंजी भी नष्ट हो गई, जिससे प्रभावित परिवारों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है।
महासंघ ने प्रशासन से मांग की है कि जिन परिवारों के मकान पूरी तरह जल गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य शासकीय योजना के तहत तत्काल नए मकान स्वीकृत किए जाएं। इसके साथ ही राजस्व पुस्तक परिपत्र आरबीसी 6-4 के तहत तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने, प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह तक निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने और अगली फसल के लिए बीज एवं खाद की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है। आग में नष्ट हुए जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, राशन कार्ड और अंकसूची के पुनर्निर्माण के लिए विशेष शिविर लगाने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में जिले के सरपंचों के लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने की भी मांग की गई, ताकि वे आर्थिक रूप से सक्षम होकर पीड़ितों की मदद कर सकें।
इसी बीच सरपंच संघ और सामाजिक संगठनों ने मानवता का परिचय देते हुए बर्राढाना पहुंचकर प्रभावित परिवारों को कपड़े, राशन और बिछाने-ओढ़ने की सामग्री वितरित की। सरपंच एकता महासंघ मध्य प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश कुमरे ने सहयोग करने वाले सभी साथियों का आभार जताते हुए अन्य लोगों से भी आगे आकर मदद करने की अपील की।
इस दौरान ओमनाथ पारधे, महेश रावत, अनिल नरवरे, मनोज धुर्वे, अमित कुमरे, शेखर कुमरे, गोविंद पंद्राम, रामा इवने, सुखदेव माकोड़े, सुभाष धुर्वे, रामकिशोर धुर्वे, दीपूलाल काकोड़िया, आशाराम पटेल, मानसिंह धुर्वे, धन्नु धुर्वे, जयचंद सरियाम, भारत कुमरे सहित अन्य सरपंच और एनजीओ प्रतिनिधि मौजूद रहे।
+ There are no comments
Add yours