
सारनी! बैतूल जिलाधीश के निर्देशानुसार एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ/वृद्धजन दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस के अवसर पर संस्था ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा विकासखंड घोड़ाडोंगरी की ग्राम पंचायत जामखोदर के अंतर्गत ग्राम बेलोंड में जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
ग्राम बेलोंड एक अत्यंत पिछड़ा एवं दूरस्थ क्षेत्र है, जहां वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता का अभाव देखा गया। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस ग्राम का चयन किया गया, ताकि समाज के उस वर्ग तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सके जो अक्सर जानकारी और संसाधनों से वंचित रह जाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि ग्रामीणों के मन में अपने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी था।
कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष भारती अग्रवाल एवं संस्था कोषाध्यक्ष नंदा सोनी द्वारा उपस्थित ग्रामीणजनों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान एवं संरक्षण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जागरूकता परिचर्चा, व्याख्यान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर सभी को वरिष्ठजनों के सम्मान और सुरक्षा हेतु संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए, जिससे दोनों पीढ़ियों के बीच आत्मीयता, समझ और पारस्परिक सम्मान का वातावरण निर्मित हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि “वरिष्ठजन हमारे परिवार, समाज और संस्कृति की जीवंत धरोहर हैं। उनके अनुभव, संघर्ष और जीवन मूल्यों ने ही आने वाली पीढ़ियों को दिशा प्रदान की है। ऐसे में उनके साथ किसी भी प्रकार का शारीरिक, मानसिक, आर्थिक अथवा भावनात्मक दुर्व्यवहार न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के भी विपरीत है।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी ग्रामीणजनों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर और समाज में वरिष्ठजनों का सम्मान करेंगे, उनके अधिकारों की रक्षा करेंगे, उनके साथ होने वाले किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार के विरुद्ध आवाज़ उठाएंगे तथा उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमामय जीवन प्रदान करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा—
“वरिष्ठजनों का सम्मान, सुरक्षित और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार” और “बुजुर्गों का सम्मान ही हमारी संस्कृति की पहचान है। जिस समाज में बुजुर्गों का आदर होता है, वहां संस्कार, संवेदनाएं और मानवीय मूल्य सदैव जीवित रहते हैं।”
कार्यक्रम में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक, युवा, महिलाएं, ग्रामीणजन एवं संस्था के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उक्त कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से आई टीम द्वारा भी ग्रामीणजनों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। टीम ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, स्वच्छता एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं के बारे में जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों को यह समझाइश दी गई कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों के स्वास्थ्य, देखभाल एवं आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहें तथा समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें।
संस्था ग्राम भारती महिला मंडल ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं सम्मान का संदेश पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
+ There are no comments
Add yours