भाजपा कोषाध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल ने किया हास्य धारावाहिक का विमोचन

Estimated read time 0 min read
  • खबरों की नीरसता को कम करने अब न्यूज़ के बीच में देख सकेंगे कॉमेडी
  • कला और कलाकारों का बैतूल से पुराना नाता रहा है: हेमंत खंडेलवाल

बैतूल। लोकप्रिय वेब पोर्टल खबरम डॉट कॉम पर खबरो के साथ अब कॉमेडी का तड़का भी आपको देखने को मिलेगा। इस नवाचार को डीएस फिल्म्स प्रोडक्शन ने हकीकत में ढाला है। ख़बरम डॉट कॉम और प्रदेश के अन्य प्रमुख न्यूज़ पोर्टल और सोशल मीडिया प्लेटफार्मो पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक का मंगलवार को बैतूल में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल ने विधिवत स्विच आन कर विमोचन किया। गरिमामय कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार नवनीत गर्ग ने की। इस मौके पर हेमन्त खण्डेलवाल ने ख़बरम के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बैतूल से एक अच्छे धारावाहिक की शुरुआत हुई है। कला और कलाकारों का बैतूल से  पुराना नाता रहा है लेकिन विडम्बना है कि यहां के कलाकारों को वो स्थान नही मिल सका जिसके वे हकदार रहे है। श्री खंडेलवाल ने कहा कि कोविड काल मे ऐसे सीरियल्स का महत्व बढ़ा है। जमाना ऐसे सीरियल्स का ही है। बैतूल के नागरिक ऐसे प्रयासों के साथ है।।इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार नवनीत गर्ग ने बैतूल की माटी से बॉलीवुड कलाकारों के जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने सीरियल बून्द बून्द की बैतूल में हुई शूटिंग की याद ताजा करते हुए यहां दिलीप कुमार, जानी वाकर का लगातार आते रहने की स्मृतियां ताजा की। उन्होंने कहा कि भविष्य में कलाकारों को जिस भी मदद की जरूरत होगी वे हमेशा तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि वीवीएम कालेज समिति के अध्यक्ष विजय साबले ने हास्य धारावाहिक की सराहना करते हुए इसे ख़बरम के प्लेटफार्म पर प्रसारण की सराहना की।

टॉनिक का काम करेगा सीरियल

इसके पहले ख़बरम डॉट कॉम के एडिटर इन चीफ इरशाद हिंदुस्तानी ने पोर्टल पर शुरू किए गए कॉमेडी सीरियल के प्रसारण पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खबरों के साथ कॉमेडी का यह तड़का लगाने का विचार इसीलिए आया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मो पर सूचनाओं को साझा करने की जो बाढ़ आई हुई है। वह कई बार पाठक और दर्शक को इरिटेट कर देती है। ऐसे में हल्के फुल्के हास परिहास वाला सीरियल पाठक को गुदगुदी देने वाला टॉनिक का काम करेगा। जो तनाव और खीज को कम करेगा। यह सीरियल प्रदेश के प्रमुख न्यूज़ पोर्टल ख़बरम डॉट कॉम, दखल न्यूज़, पेप्टेक, एएन न्यूज़ पर शुरू होगा। प्रसिध्द फ़िल्म और टीवी सीरियल निर्देशक परेश मसीह निर्देशित इस धारावाहिक के लेखक स्व डॉ गोपाल नारायण आवटे है। जिनके व्यंग आलेखों पर इस हास्य धारावाहिक की पूरी श्रृंखला तैयार की गई है। जिसमे आम आदमी की रोजमर्रा की जीवनशैली और उसमें घटित घटनाओं को हास्य में पिरोया गया है। धारावाहिक के क्रिएटिव निर्देशक निसार शाह है। जबकि वीडियो एडिटिंग अल्तमश सैयद ने की है। धारावाहिक में कैमरा वर्क रोनित गोस्वामी का है।  धारावाहिक में मुख्य भूमिका आरिफ शहड़ोली, शिल्पा, शरदसिंग, आरती शर्मा,शिवेंद्र शुक्ला और बेबी रीत भावसार ने निभाई है। साथ ही रंग मंच  इप्टा छतरपुर से शिवेंद्र शुक्ला, अनुपम खेर इंस्टिट्यूट के टॉपर गगन सर्वेश, फ़िल्म ओर टेलीविजन में नेगेटिव किरदार निभाने वाले शरद सिंग,सुहागपुर की बाल कलाकार रीत भावसार, तथा राहुल खत्री, मनोज कहार, नर्मदा हरियाले, पवन राजपूत आदि होशंगाबाद और आसपास के रंगमंच के कलाकार इस धारावहिक में अभिनय के रंग बिखेर रहे है। इस धारावाहिक में चिड़िया घर फेम आरिफ शाहड़ोली, रामायण धारावाहिक की केकई बनी आरती शर्मा मुख्य भूमिका निभा रहे है। खास बात यह है कि धारावाहिक की यह पूरी श्रृंखला प्रदेश के प्रमुख न्यूज़ पोर्टल ख़बरम डॉट कॉम, दखल न्यूज़, पेपटेक टाइम मध्यप्रदेश समाचार और आईएफपी ईशान फ़िल्म प्रोडक्शन पर प्रसारित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार सतीश साहू ने किया जबकि आभार रंगकर्मी अमित कसेरा ने व्यक्त किया। इस मौके पर जिला मुख्यालय के पत्रकार साथी, जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, चिकित्सक, समाजसेवी, महिला नेत्री, रंगकर्मी  मौजूद रहे। 

More From Author

+ There are no comments

Add yours