भोपाल. कोरोना आपदा की वजह से टले राज्यसभा चुनाव का कार्यक्रम चुनाव आयोग ने एक बार फिर जारी कर दिया है. राज्यसभा की खाली हो रही 18 सीटों के लिए 19 जून को मतदान होगा. जिन 18 सीटों पर चुनाव होना है उनमें मध्य प्रदेश की भी 3 सीटें शामिल हैं. इन सीटों पर उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल हो चुके थे, लेकिन कोरोना की वजह से मतदान नहीं हो पाया था, तब मार्च महीने में कुल 55 सीटों पर चुनाव होना था. लेकिन 55 में से 37 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए थे, जिसके बाद 18 सीटों पर चुनाव बाकी था जो लॉकडाउन के चलते टाल दिया गया था. मध्य प्रदेश के लिहाज से देखें तो तब से लेकर अब तक राज्यसभा चुनाव का पूरा गणित बदल चुका है.

किसकी सीट खाली कौन दावेदार?

मध्य प्रदेश में जो तीन राज्यसभा की सीट खाली हुई थी उनमें बीजेपी की ओर से दो प्रभात झा और सत्यनारायण जटिया शामिल हैं. जबकि कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह का कार्यकाल खत्म हुआ था. बदले सियासी समीकरण में बीजेपी में शामिल होने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी की ओर से उम्मीदवार बनाया गया था, जबकि दूसरे उम्मीदवार सुमेर सिंह सोलंकी हैं. वहीं कांग्रेस की ओर से दिग्विजयसिंह ने दोबारा नामांकन भरा है. कांग्रेस के दूसरे उम्मीदवार फूल सिंह बरैया हैं. बदले सियासी समीकरण में अब 2 सीट बीजेपी और एक कांग्रेस के खाते में जाना तय है.

क्या है सियासी समीकरण?

230 सीटों वाली मध्य प्रदेश विधानसभा में फिलहाल 24 सीट रिक्त हैं. 2 सीट विधायकों के निधन की वजह से रिक्त हुई हैं, जबकि 22 सीटों पर कांग्रेस विधायकों ने सिंधिया के समर्थन में इस्तीफे दिए थे. सीटों के लिहाज से देखें तो कांग्रेस के 114 में से 22 विधायक कम हुए हैं. तो मौजूदा आंकड़ा 92 है. जबकि बीजेपी के 107 विधायक हैं. 4 निर्दलीय, 2 बीएसपी और एक एसपी का विधायक है. इस लिहाज से बीजेपी को 2 सीट मिलना लगभग तय है.

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *