- डाईस, अपार आईडी, आधार अपडेशन एवं नामांकन की समीक्षा
- लापरवाही बरतने पर होगी कार्रवाई, समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
बैतूल। जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र की संयुक्त उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के समस्त संकुल प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से यू-डाईस, अपार आईडी, आधार अपडेशन एवं नामांकन की प्रगति पर गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि जिले की समस्त शासकीय एवं अशासकीय शालाओं का यू-डाईस डेटा शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पोर्टल पर अद्यतन किया जाए। इसके साथ ही ‘वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी’ के तहत अभिभावकों की सहमति प्राप्त कर प्रत्येक विद्यार्थी की अपार आईडी जनरेट करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान यह भी कहा गया कि जिन विद्यार्थियों के आधार कार्ड नहीं बने हैं या बायोमेट्रिक अपडेट लंबित हैं, उनके लिए संकुल स्तर पर विशेष शिविर लगाकर आधार अपडेशन कार्य पूर्ण कराया जाए, ताकि छात्रों को छात्रवृत्ति एवं अन्य योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके। इसके अतिरिक्त, शाला त्यागी ड्रॉप-आउट बच्चों को चिन्हांकित कर उन्हें पुनः शाला से जोड़ने तथा जिले के कुल नामांकन प्रतिशत में वृद्धि करने हेतु विशेष प्रयास करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह सभी कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं। बैठक में अपेक्षाकृत कम प्रगति वाले विकासखंडों एवं संकुलों को सख्त हिदायत देते हुए 3 दिवस में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।