- विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे से मिले ट्रैक्टर मालिक, 800 परिवारों की आजीविका बचाने के लिए स्थायी समाधान की मांग
सारनी। आमला विधानसभा क्षेत्र के ढोकली स्थित राजस्व विभाग की रेत खदान में रेता परिवहन को लेकर वन क्षेत्र और राजस्व क्षेत्र की सीमा का विवाद अब ट्रैक्टर संचालकों के लिए गंभीर आर्थिक संकट का रूप लेता जा रहा है। ट्रैक्टर मालिकों का आरोप है कि खदान के जिस हिस्से को राजस्व विभाग की रेत खदान बताया जा रहा है, वहां लगभग 25 से 30 प्रतिशत क्षेत्र वन भूमि होने का हवाला देकर उत्तर वन परिक्षेत्र की ओर से परिवहन गतिविधियों को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किए जाने की स्थिति ने उनके रोजगार पर संकट खड़ा कर दिया है।इस समस्या को लेकर शनिवार को बीजू वानखेड़े के नेतृत्व में ट्रैक्टर संचालकों ने आमला विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। संचालकों ने मांग की कि राजस्व और वन विभाग के बीच क्षेत्र की सीमाओं को लेकर स्पष्ट स्थिति निर्धारित कर ऐसा स्थायी समाधान निकाला जाए,जिससे रोजगार प्रभावित न हो और नियमों का पालन भी सुनिश्चित किया जा सके।ट्रैक्टर संचालकों के मुताबिक क्षेत्र में रेत,मिट्टी,बजरी,गिट्टी और अन्य बिल्डिंग मैटेरियल के परिवहन से करीब 100 ट्रैक्टर संचालित हो रहे हैं। इन ट्रैक्टरों के माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 800 लोगों के परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। परिवहन गतिविधियां बाधित होने से ट्रैक्टर मालिकों के सामने बैंक और फाइनेंस की किस्तें चुकाने,वाहन संचालन तथा परिवार का भरण-पोषण करने जैसी चुनौतियां बढ़ रही हैं।ट्रैक्टर संचालक सुनील बारस्कर और वीरू सोनारे का कहना है कि खनिज विभाग द्वारा ढोकली में जिस स्थान को राजस्व रेत खदान के रूप में निर्धारित किया गया है,वहां टावर से नदी क्षेत्र तक भूमि की सीमाओं को लेकर स्पष्टता आवश्यक है।उनका आरोप है कि वन क्षेत्र के नाम पर परिवहन को प्रतिबंधित किए जाने और कार्रवाई की चेतावनी के चलते रेत निकालने वाले मजदूरों को भी कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है। संचालकों का कहना है कि मजदूरों को गहरे पानी में उतरकर रेत निकालने का जोखिम उठाना पड़ रहा है।
बीजू वानखेड़े ने कहा कि निर्माण सामग्री की आपूर्ति से जुड़े इस रोजगार पर सैकड़ों परिवार निर्भर हैं। यदि परिवहन गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित होती हैं, तो ट्रैक्टर मालिकों और मजदूरों के सामने आर्थिक संकट गहरा सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वन एवं राजस्व विभाग संयुक्त रूप से सीमांकन कर विवाद का समाधान करें और रोजगार को अनावश्यक रूप से प्रभावित होने से बचाएं।
ट्रैक्टर संचालकों की समस्याओं को सुनने के बाद विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे ने संबंधित वन अधिकारी से चर्चा कर मामले का स्थायी निराकरण कराने का आश्वासन दिया।विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों की आजीविका से जुड़ा मामला गंभीर है। लगभग 100 ट्रैक्टरों से जुड़े 800 परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा न हो,इसके लिए मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उचित समाधान निकाला जाना चाहिए। विधायक से मुलाकात करने वालों में सुनील बारस्कर,वीरू सोनारे,सुरेश उमरे, दिनेश यादव,संजय बिंजड़े,संतोष कामडे, यशवंत नागले, बृजेश पटेल,मोइन खान, मिथुन पवार,मोना पवार, संतोष पाल,नवाज अली, राहुल पाटिल,सैयद हुसैन, राजकुमार,सुजीत सिंह, अमित राय,मनीष डेहरिया, मुकेश,राजेश,प्रवीण बारीक खान सहित अन्य लोग ज्ञापन देते वक्त उपस्थित रहे।
इनका कहना है…
सारनी और आसपास के ट्रैक्टर संचालकों के माध्यम से ढोकली के राजस्व रेता खदान से रेता परिवहन करने का काम करते हैं, उत्तर वन परिक्षेत्र सारनी में महिला अधिकारी आई है वह उसे क्षेत्र से आवागमन पर प्रतिबंध लगा रही है जबकि मार्ग डूब में है ऐसी स्थिति में ट्रैक्टर संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है उनके समाधान को लेकर उनसे चर्चा की गई है समाधान नहीं निकला तो उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी।
डॉक्टर योगेश पंडाग्रे विधायक आमला विधानसभा