• नगरीय निकायों के पेंशनर्स की DR में भी 2% बढ़ोतरी; 3 किस्तों में आएगा एरियर

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की है। चौथे वेतनमान में 20 और पांचवें-छठवें वेतनमान में 5-5 प्रतिशत अंक की वृद्धि की गई है। सातवें वेतनमान वालों का DA पहले ही बढ़ाया जा चुका है।
बढ़े हुए DA का नकद लाभ 1 अक्टूबर 2026 से मिलेगा। इसका भुगतान नवंबर की सैलरी में होगा। जनवरी से सितंबर 2026 तक का एरियर नवंबर, दिसंबर और जनवरी में तीन किस्तों में दिया जाएगा। इस अवधि में रिटायर या मृत हुए कर्मचारियों को एरियर की राशि एकमुश्त मिलेगी।
वहीं, नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) भी बढ़ाई गई है। छठवें वेतनमान में 5 और सातवें वेतनमान में 2 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई है। यह 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। फैसले से करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से अधिक पेंशनर्स यानी 53 हजार से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे।
चौथे से छठवें वेतनमान में DA की नई दरें
वित्त विभाग के आदेश के मुताबिक, छठवें वेतनमान में DA 257% से बढ़ाकर 262%, पांचवें में 323% से 328% और चौथे में 1465% से बढ़ाकर 1485% किया गया है। ये नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी।
प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ
सरकार के उपक्रमों, निगमों, मंडलों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए चौथे और पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए DA का लाभ मिलेगा। इनके लिए नई दरें क्रमशः 1485% और 328% निर्धारित की गई हैं। आदेश के मुताबिक, महंगाई भत्ते को किसी योजना के लिए वेतन नहीं माना जाएगा।
80 साल से अधिक उम्र के पेंशनर्स को भी राहत
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आदेश के मुताबिक, नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स को बढ़ी हुई DR का लाभ मूल पेंशन पर मिलेगा। यह वृद्धि 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी लागू होगी।
परिवार पेंशन पर DR के लिए यह शर्त
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पति या पत्नी की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले व्यक्ति को परिवार पेंशन पर महंगाई राहत की पात्रता नहीं होगी। हालांकि, यदि पति या पत्नी की मृत्यु के समय संबंधित व्यक्ति पहले से सेवा में कार्यरत था, तो उसे मिलने वाली परिवार पेंशन पर DR का लाभ दिया जाएगा।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *