• 100 रुपए लेकर पिलाए 3-3 गिलास, 3 आरोपी गिरफ्तार

बैतूल। बैतूल में शराब की लत छुड़ाने के नाम पर 7 लोगों को जहरीला जूस पिलाया गया। जड़ी-बूटी का घोल पीने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच की तबीयत बिगड़ गई। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान देवगुण (आठनेर) निवासी रामकिशोर और महाराजपुर (इमलीखेड़ा) निवासी संजय के रूप में हुई है। बीमार हुए पांच लोगों में अल्वेरा (आठनेर) के रामदास और सहदेव के अलावा मोहन, राकेश और विजय शामिल हैं।
तीन गिलास काढ़ा पीया, 100 रुपए भी दिए
केलबिरा गांव निवासी रामदास आरके अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि ओझा ने 21 दिन में शराब की लत छुड़ाने का दावा किया था। इसके काढ़ा (जूस) पीने को कहा था। उन्होंने इसके तीन गिलास पीए थे। काढ़ा कड़वा लग रहा था। इसके लिए भगत ने उनसे 100 रुपए भी लिए थे।
मृतक के भाई ने बताया- आधे घंटे बाद चक्कर आए
मृतक संजय के भाई ने बताया कि उन्हें पता चला था कि पाठाखेड़ा में राजा की बैठक गांव में शराब छुड़ाने की जगह है। इसके बाद वे सभी वहां गए। करीब 400 से 500 लोग मौजूद थे। पूजा-पाठ के बाद उन्हें लाल रंग की दवा जैसी चीज दो गिलास पीने के लिए दी गई। उन्होंने इसे जड़ी-बूटी का काढ़ा समझकर पी लिया। संजय ने बताया- दवा पीते समय पेट में तेज जलन हो रही थी। पीने के करीब आधे घंटे बाद चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं। वे करीब एक घंटे तक वहीं उल्टियां करते रहे। तीन लोगों ने यह दवा पी थी। लौटते समय उनके छोटे भाई संजय को घबराहट होने लगी। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पांचों मरीजों का जिला अस्पताल में इलाज
घटना के बाद पांचों बीमार लोगों को चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया था। चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा के मुताबिक, जहर का असर कम करने के लिए मरीजों का पेट धोया गया (स्टमक वॉश)। इसके बाद आईवी फ्लूड देकर इलाज शुरू किया गया। हालत को देखते हुए पांचों मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। इस दौरान एसडीएम अभिजीत सिंह ने चिचोली CHC पहुंचकर मरीजों का हाल जाना और स्थिति का जायजा लिया।
लिक्विड और जमरास की जड़ का चूरा जब्त
पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना के मुताबिक, पुलिस ने मौके से पिलाया गया लिक्विड और जमरास की जड़ का चूरा जब्त किया है। सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही घोल में मौजूद जहरीले तत्वों और मौतों की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस ने मामले में भगत रमेश उइके, ओझा परते और शरद कवड़े को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *