- 14 नवंबर से दरभंगा-यशवंतपुर के बीच चलेगी; 4 राज्यों के यात्रियों को मिलेगी सुविधा
आमला। छठ पर्व के मद्देनजर रेलवे ने दरभंगा-यशवंतपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का स्टॉपेज आमला स्टेशन पर भी दिया गया है। ट्रेन दोनों दिशाओं में चार-चार ट्रिप लगाएगी। इससे आमला सहित आसपास के यात्रियों को बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कर्नाटक की यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। ट्रेन नंबर 05541 दरभंगा-यशवंतपुर छठ स्पेशल 14 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच चार ट्रिप में चलेगी। यह ट्रेन दरभंगा से प्रत्येक सोमवार को दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी। आमला स्टेशन पर बुधवार रात 12:15 बजे पहुंचेगी और 12:15 बजे ही रवाना होगी। ट्रेन गुरुवार रात 2 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में ट्रेन क्रमांक 05542 यशवंतपुर-दरभंगा स्पेशल 19 नवंबर से 17 दिसंबर के बीच चार ट्रिप लगाएगी। यह ट्रेन यशवंतपुर से गुरुवार रात 10:40 बजे रवाना होगी। आमला स्टेशन पर शुक्रवार रात 1:28 बजे पहुंचेगी और 1:30 बजे रवाना होगी। रविवार दोपहर 1 बजे दरभंगा पहुंचेगी। 24 कोच वाली इस ट्रेन में 10 जनरल, 10 स्लीपर, दो एसी थर्ड क्लास और दो एसएलआर कोच रहेंगे। ट्रेन का स्टॉपेज हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बाराबंकी, कानपुर, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई नगर, बीना, भोपाल, इटारसी, आमला और नागपुर स्टेशनों पर रहेगा। पूर्व मुख्य यातायात निरीक्षक अशोक कटारे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और अन्य जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर लें।