• 15 एव 16 नम्बरं को भोजपुरी गीतों का रंगारंग कार्यक्रम झांकी एवं आतिशबाजी का भव्य आयोजन
  • भोजपुरी एकता मंच के साथ एमपीपीजीसीएल के सिविल विभाग और नगर पालिका के कर्मचारी जुटे व्यवस्था बनाने में, बुधवार को पाथाखेड़ा के शिव मंदिर परिसर में भी चलेगा सफाई अभियान

सारनी। आस्था,विश्वास और लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा को लेकर स्टीम वॉल छठ घाट सारनी में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व के अंतिम चरण की तैयारियों के तहत सतपुड़ा डैम स्थित छठ घाट पर साफ-सफाई, गड्ढों को भरने और जमीन के समतलीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।मंगलवार को भोजपुरी एकता मंच के जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, विक्की सिंह,जीपी सिंह, प्रमोद सिंह, मुकेश यादव सहित भोजपुरी समाज के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में सफाई एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का अभियान चलाया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के सिविल विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों तथा नगर पालिका परिषद सारनी के सफाई कर्मियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। घाट परिसर में फैली गंदगी की सफाई के साथ विभिन्न स्थानों पर हुए गड्ढों में मुरम पत्थर भरकर जमीन को समतल करने का कार्य किया जा रहा है।
भोजपुरी एकता मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था,अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में बड़ी संख्या में व्रतधारी महिलाएं,पुरुष और श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट पर स्वच्छता,सुरक्षित आवागमन और समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। भोजपुरी मंच के पदाधिकारियों ने उत्तर भारतीय समाज सहित समस्त नागरिकों से अपील की है कि छठ पूजा को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए सभी अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
भोजपुरी एकता मंच के जिला अध्यक्ष ने जानकारी दी कि बुधवार को कोयलांचल क्षेत्र पाथाखेड़ा स्थित शिव मंदिर परिसर में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। यहां साफ-सफाई के साथ आवश्यक स्थानों की मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा। मंच का प्रयास है कि महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *