बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, हितग्राहियों को मिल रहे लाभ, स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों तथा नवाचारों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर अधिकारियों एवं हितग्राहियों से संवाद किया और उनके कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी और लैपटॉप का वितरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना के अंतर्गत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी और लैपटॉप वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बैतूल जिले में कुल 1731 विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा 230 विद्यार्थियों को स्कूटी का लाभ मिला। कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से 10 लैपटॉप और 30 स्कूटी वितरित की गईं।
मिलेट्स एवं वन उत्पादों को सराहा
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार ब्रास मेटल हस्तशिल्प एवं मिलेट्स उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि कार्यों में महिलाओं द्वारा ड्रोन के उपयोग की जानकारी ली और इस नवाचार की सराहना की। वन विभाग के स्टॉल पर उन्होंने कोदो-कुटकी, त्रिफला, चिरौंजी, अर्जुन चाय, आंवला कैंडी एवं शहद सहित विभिन्न वन उत्पादों का अवलोकन किया। वन वृत्त बैतूल के स्टॉल पर प्रदर्शित हस्तनिर्मित हिरण एवं शेर की कलाकृतियों की भी सराहना की।
प्राकृतिक खेती और स्थानीय उत्पादों को दिया प्रोत्साहन
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित काला गेहूं, मूंग दाल, गडमल, अश्वगंधा सहित अन्य कृषि उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने नरवाई प्रबंधन के प्रयासों की जानकारी ली और नरवाई नहीं जलाने के लिए किसानों को जागरूक करने की सराहना की। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के स्टॉल पर उन्होंने प्राकृतिक खेती से उत्पादित सब्जियों, अनाज एवं हल्दी तथा कच्ची घानी के मूंगफली एवं सरसों तेल सहित अन्य उत्पादों की जानकारी ली।
विद्यार्थियों के सोलर प्रोजेक्ट और जिले के पर्यटन स्थलों की जानकारी ली
कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार सोलर एनर्जी चार्जिंग स्टेशन एवं सोलर स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और उनके नवाचार की सराहना की।
पर्यटन विभाग की प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री ने बैतूल जिले के प्रमुख पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों की प्रदर्शनी को देखा। स्टॉल पर कुकरू-खामला सहित जिले के अन्य पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसके अलावा अन्य विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया और विभागीय योजनाओं, नवाचारों एवं हितग्राहीमूलक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बैतूल श्री हेमन्त खंडेलवाल, विधायक आमला डॉ योगेश पंडाग्रे, विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहें।