• कांग्रेस की अराजक राजनीति को जनता के सामने उजागर करें कार्यकर्ता
  • संगठन को मजबूूत बनाने के साथ जन-जन तक पहुंचे कार्यकर्ता- श्री चंद्रशेखर

उमरिया/भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने शनिवार को उमरिया जिला कार्यालय में जिला बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यों और तौर-तरीकों से देश को नुकसान पहुंचाया है। कांग्रेस की अराजक राजनीति को पार्टी कार्यकर्ता जनता के सामने उजागर करें। पार्टी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाने के साथ जन-जन तक विचारधारा को पहुंचाने का कार्य करें। अब आंदोलनों की आड़ में देश में अराजकता की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बन गया है। भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और अराजक राजनीति को जनता के सामने उजागर करेगी। बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री श्री नागर सिंह चौहान एवं संभाग प्रभारी श्री गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया।
देश और समाज के हित में कार्य करना भाजपा का लक्ष्य
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस ने प्रारंभ से जिस राजनीतिक मॉडल पर कार्य किया, उससे देश को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस की नीतियों ने समाज में विभिन्न प्रकार के भेदभाव को बढ़ावा दिया, जबकि भाजपा ने आंदोलनों और जनजागरण के माध्यम से बेहतर व्यवस्था स्थापित करने का प्रयास किया। चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस ईवीएम पर सवाल उठाती है और लोकतंत्र बचाने के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर प्रहार करती है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर इन विषयों पर तथ्यपरक संवाद करना है। भाजपा का लक्ष्य ही देश और समाज के हितों के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश में नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निर्णायक नेतृत्व और ईमानदार शासन की दिशा में लगातार काम कर रही है। डिजिटल तकनीक के विस्तार, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने, स्वदेशी संसाधनों को बढ़ावा देने तथा गरीब कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता देने जैसे कार्य सरकार की कार्यशैली के प्रमुख आधार हैं। भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं पुनरुत्थान की दिशा में भी व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक सुश्री मीना सिंह, श्री शिवनारायण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल मंचासीन रहीं। बैठक का संचालन जिला महामंत्री श्री दीपक छद्वानी ने किया। आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र तिवारी ने किया। बैठक में जिला पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, अपेक्षित कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *