• ननिहाल की मिट्टी से जुड़ा रहा ईशा मालवीय का रिश्ता,कांति-शिवा टॉकीज में फिल्म देखकर श्रमजीवी पत्रकार संघ ने की अभिनय की सराहना छोटे शहर की बेटी की कामयाबी पर परिवार और शहर गौरवान्वित

सारनी। छोटे शहरों से निकलकर बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाना आसान नहीं होता,लेकिन जब प्रतिभा को अवसर मिलता है तो सपने हकीकत में बदलने लगते हैं। सारनी के ननिहाल से गहरा जुड़ाव रखने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा मालवीय की फिल्म ‘तुम मेरे हो’ ने विद्युत नगरी में उत्साह का माहौल बना दिया है।अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर ईशा के ननिहाल में खुशी की लहर है,वहीं स्थानीय लोगों के लिए भी यह गर्व का अवसर बन गया है।शनिवार को मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने सारनी स्थित कांति-शिवा टॉकीज पहुंचकर फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद पत्रकारों ने ईशा मालवीय के अभिनय की सराहना करते हुए इसे स्थानीय प्रतिभा की बड़ी उपलब्धि बताया। इस दौरान संघ के जिला अध्यक्ष रजीत सिंह, संभागीय अध्यक्ष अब्दुल रहमान खान सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे। पत्रकारों ने समाजसेवी विनय मालवीय और विजय मालवीय को उनकी भांजी ईशा की उपलब्धि पर बधाई भी दी।ईशा मालवीय का जन्म नर्मदापुरम में हुआ। जन्म से लेकर पढ़ाई के दौर तक उनका सारनी से विशेष लगाव रहा है। सारनी उनका ननिहाल है, जहां उनके नाना-नानी और मामा-मामी रहते हैं। यही वजह रही कि ईशा का इस शहर से भावनात्मक रिश्ता बना रहा।वह समय-समय पर नर्मदापुरम से सारनी आती थीं और विद्युत नगरी की खूबसूरती तथा प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से निहारती थीं। आज इसी शहर से जुड़े परिवार की बेटी का बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाना स्थानीय लोगों के लिए खास मायने रखता है।

रोमांस और सस्पेंस का मेल,युवा दर्शकों को ध्यान में रखकर फिल्म निर्माण

मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष रजीत सिंह ने चर्चा के दौरान कहा कि वर्तमान दौर के युवाओं की पसंद और बदलते मनोरंजन के स्वरूप को ध्यान में रखकर फिल्म में विभिन्न पहलुओं को शामिल किया गया है। फिल्म में रोमांस और सस्पेंस का तालमेल दर्शकों की रुचि बनाए रखता है। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के बाद ईशा के अभिनय में संभावनाएं नजर आती हैं और उम्मीद है कि आने वाले समय में वह अपने अभिनय को और निखारेंगी।रजीत सिंह ने कहा कि सारनी जैसे शहर से जुड़ी प्रतिभा का बॉलीवुड तक पहुंचना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। ऐसी उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि लगन,मेहनत और अवसर के सहारे छोटे शहरों के युवा भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।फिल्म देखने पहुंचे पत्रकारों ने ईशा मालवीय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रजीत सिंह,संभागीय अध्यक्ष अब्दुल रहमान खान,विलास चौधरी, कालिदास चौरासे, छविनाथ भारद्वाज,शमीम रिजवी,अशोक बारगे, कृष्ण कुमार गुप्ता,योगेश बर्डे,दिनेश यादव,प्रकाश डेहरिया,प्रवीण सोनी और नारायण खातरकर सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
ईशा मालवीय की फिल्म ‘तुम मेरे हो’ के बहाने सारनी में स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का संदेश भी सामने आया है। ननिहाल से जुड़ी यादों और अपने शहर के प्रति लगाव के बीच ईशा की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए नई उम्मीद जगाती है। अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि ईशा आने वाले समय में अपने अभिनय से बॉलीवुड में और मजबूत पहचान बनाएंगी।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *