- जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने गुरुवार को मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद की बैठक में जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने तथा इसके लिए 100 करोड़ रुपये की प्रारंभिक अंशपूंजी से विशेष प्रयोजन कंपनी के गठन को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इस निर्णय को मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास, आर्थिक समृद्धि और रोजगार सृजन की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भागीरथ प्रयास मध्यप्रदेश को देश का सबसे विकसित राज्य बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। जबलपुर, भोपाल एवं इंदौर को जोड़ने वाला यह इंडस्ट्रियल कॉरिडोर मध्यप्रदेश के आर्थिक पुनर्जागरण और औद्योगिक स्वावलंबन का मजबूत आधार बनेगा। इसके माध्यम से महाकौशल, मध्यभारत और मालवा-निमाड़ अंचल में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा तथा प्रदेश के संतुलित और तीव्र विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
विश्वस्तरीय औद्योगिक हब विकसित करने की योजना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मंत्रि-परिषद द्वारा मंजूर की गई सात जिलों में विश्वस्तरीय औद्योगिक हब विकसित करने की योजना मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार का संकल्प हर अंचल में निवेश पहुंचे और हर जिले में रोजगार के अवसर उपलब्ध हों की परिकल्पना को साकार करेगा। भाजपा सरकार की इस दूरदर्शी पहल से बड़े निवेशकों को आकर्षित करने, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना विकसित करने और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की संभावनाएं साकार होंगी। उन्होंने कहा कि मार्च 2028 तक एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करने और लगभग 3 लाख प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य प्रदेश के उज्ज्वल औद्योगिक भविष्य का परिचायक है। परियोजना के पूर्ण विकास के बाद 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश और 6 लाख से अधिक रोजगार के अवसरों की संभावना मध्यप्रदेश को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगी।
मालवा-निमाड़ के औद्योगिक नेटवर्क को और मजबूती मिलेगी, भोपाल की आर्थिक पहचान मजबूत होगी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि इस कॉरिडोर से मालवा-निमाड़ के मौजूदा औद्योगिक नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी। देवास और पीथमपुर जैसे स्थापित औद्योगिक क्षेत्रों के साथ बेहतर समन्वय से विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण, वेयरहाउसिंग, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, होटल और खुदरा व्यापार जैसे क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा। इससे उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने के साथ स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों, किसानों और युवाओं के लिए भी नए अवसर उपलब्ध होंगे। भोपाल को आधुनिक ज्ञान, उच्च प्रौद्योगिकी और नवाचार के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। सूचना प्रौद्योगिकी, आईटी-सक्षम सेवाओं, नॉलेज सर्विसेज, इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग तथा अनुसंधान एवं विकास से जुड़े क्लस्टर स्थापित होने से प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर अपने ही शहर में मिल सकेंगे। इससे भोपाल की आर्थिक पहचान मजबूत होगी और शिक्षा, तकनीक तथा उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार निवेश को धरातल पर उतारने, उद्योगों की स्थापना को सरल बनाने और रोजगार के स्थायी अवसर तैयार करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। इस दूरगामी, जनहितकारी और ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मैं पुनः एक बार मध्यप्रदेश की जनता और भारतीय जनता पार्टी की ओर से हृदय से आभार प्रकट करता हूं।