- पाथाखेड़ा क्षेत्रीय चिकित्सालय में सुबह 10 बजे होगा आयोजन, भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों से की सहभागिता की अपील
पाथाखेड़ा। समाजसेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ (बीएमएस) के तत्वावधान में 14 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित यह शिविर सामाजिक समरसता दिवस के तहत होने वाले कार्यक्रमों का हिस्सा है।शिविर का आयोजन बुधवार को सुबह 10 बजे वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के पाथाखेड़ा क्षेत्रीय चिकित्सालय में किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करने का प्रयास किया जाएगा।भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ के क्षेत्रीय महामंत्री प्रमोद सिंह एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष यासीन खान ने बताया कि दत्तोपंत ठेंगड़ी की पुण्यतिथि को सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में संघ द्वारा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान शिविर भी इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा माध्यम है,जिससे जरूरत के समय किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में मदद मिल सकती है। इसके लिए संघ के कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं महामंत्री ने भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं,श्रमिकों तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।