- प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लोकतंत्र को गौरवान्वित करते हुए सार्वजनिक जीवन जिया है
- प्रधानमंत्री जी का जन्मदिवस सेवा के संकल्प को साकार करते हुए मनाया जा रहा है – डॉ. मोहन यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के मॉडल स्कूल में ‘सेवा संकल्प अभियान‘ के तहत आयोजित चित्रसेवा एवं भाषण कला प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर विजेताओं को सम्मानित किया। प्रदेश के 41 हजार से अधिक विद्यालयों में आयोजित अलग-अलग प्रतियोगिताओं में 50 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिवस सेवा के संकल्प को साकार करते हुए मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी ने विकास को विरासत से जोड़कर आगे बढ़ाया है। कई सालों तक ब्रिटिश काल में बने भवन में हमारी संसद चलती रही, लेकिन अब हमारी संसद का नया भवन ऐसा बना है, जिसमें भारतीयता के दर्शन होते हैं। प्रधानमंत्री जी ने लोकतंत्र को गौरवान्वित करते हुए सार्वजनिक जीवन जिया है। यह गर्व का विषय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति भी हमारी चुनाव प्रक्रिया की तारीफ करते हुए उसे अपनाने की मंशा जताते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की छवि वैश्विक नेताओं के बीच विशिष्ट दिखती है। प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस उपलब्धि पर सेवा संकल्प अभियान-2026 में पूरा देश एक साथ खड़ा है। कार्यक्रम को स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।
55 जिलों से चयनित उत्कृष्ट चित्रकला कृतियों का हुआ प्रदर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश के 55 जिलों से चयनित उत्कृष्ट चित्रकला कृतियों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं ने भाषण भी प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेटे-बेटियों की चित्रकला प्रतिभा और भाषण की दक्षता की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने अपने मन के भाव को भाषण और चित्रों के माध्यम से बहुत प्रभावी तरीके से अंकित और अभिव्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ‘मेरे सपनों का भारत‘ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त अशोक नगर की सुश्री श्रीजी मिश्रा का वक्तव्य सुना। द्वितीय स्थान पर रहीं जिला धार की सुश्री छवि मंगरोलिया और तृतीय पर रहीं गुना जिले की सुश्री रानी रजक के विचार भी सुने। मुख्यमंत्री ने चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त नरसिंहपुर जिले की आयुष अहिरवार, द्वितीय स्थान पर रहीं बालाघाट की सुश्री डीनू बोपचे और तृतीय स्थान पर रहीं टीकमगढ़ की सुश्री आयुषी सिद्धी नामदेव को पुरस्कार प्रदान किए।
देश के साथ मध्यप्रदेश भी तेजी से बदल रहा है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी तीन बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने और अब तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के कार्यकाल में उन्होंने राज्य की अनेक चुनौतियों को समाप्त करते हुए गुजरात को एक सशक्त और समृद्ध प्रदेश बनाया। उनके कार्यकाल में पेट्रोकेमिकल की रिफाइनरी गुजरात में स्थापित हुईं, जिससे आज भारत ईंधन के मामले में आत्मनिर्भर बन पाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने मेरा भारत और विकसित भारत की संकल्पना के भाव से बड़े से बड़े फैसले लिए और उन्हें सरलता से लागू भी किया। आज हम डिजिटल भुगतान के माध्यम से दुनिया में सबसे अधिक यूपीआई ट्रांजैक्शन करने वाले देश हैं। प्रधानमंत्री जी ने डीबीटी की शुरुआत की, इससे जरूरतमंदों को उनके हक की रकम सीधे बैंक खाते में पहुंचती है। देश के साथ मध्यप्रदेश भी तेजी से बदल रहा है।
स्कूल शिक्षा की बेहतरी केलिए हरसंभव प्रयास जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के लाखों विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के सेवा संकल्प अभियान में सहभागिता की है। विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता, पौध-रोपण, प्रकृति संरक्षण, जल संरक्षण, गरीबों की मदद करना तथा माता-पिता की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यार्थियों ने सुशासन पर विश्वास रखते हुए देश के लिए प्रतिबद्धता से सभी कामों को ईमानदारी से करने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूल शिक्षा की बेहतरी केलिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। हमारी सरकार ने आगामी 2 वर्ष में स्कूलों के सभी जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवन तैयार करने का संकल्प लिया है। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी, लैपटॉप और किताब, ड्रेस भी निरूशुल्क दी जा रही हैं। हमारी सरकार ने वर्षों से लंबित शिक्षकों के प्रमोशन कर उन्हें भी नई सौगात दी है। स्कूलों के लिए शिक्षकों की भर्ती भी की जाएगी।
अमृतकाल की युवा पीढ़ी विकसित भारत को आकार देगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 21 वर्ष बाद दोबारा सार्वजनिक बस सेवा की शुरुआत की गई है। ये बसें प्रदेश के दूर-दराज के क्षेत्रों में भी नागरिकों को सुगम परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। स्कूलों में विद्यार्थियों के आवागमन के लिए भी बसें संचालित की जा रही हैं। हमारी सरकार राज्य को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में संकल्प के साथ कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश सबसे कम बेरोजगारी दर वाला राज्य बना है। प्रदेश सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने जा रही है। हमारे अमृतकाल की युवा पीढ़ी वर्ष 2047 तक विकसित भारत को आकार देगी।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री चौतन्य कुमार काश्यप, महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।