बैतूल। मध्यप्रदेश में एस्ट्रो टूरिज्म एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय युवाओं को खगोल विज्ञान एवं पर्यटन के क्षेत्र में प्रशिक्षित कर नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं StarGazing India के संयुक्त प्रयास से बैतूल जिले के बाचा ग्राम में एस्ट्रो विलेज ट्रेनिंग प्रोग्राम का श्री बुधपाल सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्री राजेन्द्र कवड़े व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शुभारम्भ किया गया। इस दौरान ग्रामवासियों से ग्राम विकास तथा ग्राम स्वावलम्बन पर संवाद किया। इस अवसर पर टेलिस्कोप से शनि ग्रह का दर्शन किया।
होमस्टे से प्रसिद्ध हुआ बाचा ग्राम अब एस्ट्रो विलेज के रूप में विकसित होगा, जहां पर्यटक खुले आसमान के नीचे आधुनिक टेलिस्कोप से तारों, ग्रहों, नक्षत्रों और आकाशगंगा को देख व समझ सकेंगे। बाचा ग्राम का चयन कम प्रकाश प्रदूषण वाले प्राकृतिक और शान्त वातावरण के कारण चयन किया गया है। इस प्रोजेक्ट में स्थानीय युवाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर ‘एस्ट्रो गाइड’ के रूप में तैयार किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलेगा। यह योजना StarGazing India के माध्यम से मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के सहयोग से चलेगी।
कार्यक्रम का संचालन श्री अनिल उइके ने किया। इस अवसर ग्राम जनपद सदस्य श्री रेवाराम, श्री दीपक उइके, श्री नरेन्द्र उइके, श्री शरद सिरसाम, श्री योगेंद्र उइके, रमेश कुमरे, गणेश उइके सुधीर ढाकरे, मिथलेश कवड़े, सुनील कवड़े, श्री पवन परते, कार्यक्रम समन्वयक शकुन्तला, सरपंच व ग्रामवासी उपस्थित रहे।