- जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका कर्मचारियों और आम नागरिकों ने किया श्रमदान, डेम के पानी से निकाली जलकुंभी, स्कूल में विद्यार्थियों ने भी रोपे पौधे
सारनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन किए गए। छठ पूजा घाट पर एक घंटे श्रमदान का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारी, कर्मचारियों ने मिलकर घाट से जलकुंभी निकाली। पीएमश्री स्कूल शोभापुर कालोनी में पौधारोपण भी किया गया। नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत गांधी जयंती के अवसर पर जलीय संरचनाओं के आस-पास की स्वचछता अंतर्गत छठ घाट पर श्रमदान से स्वच्छता की गई। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार, विधायक प्रतिनिधि सुधा चंद्रा, पार्षद भीम बहादुर थापा, गणेश महस्की, प्रवीण सोनी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिजवे, उपयंत्री रविंद्र वराठे, सेनेटरी इंस्पेक्टर केके भावसार, गोलू राजपूत, दीपक सिनोटिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रमदान किया। इसके बाद छठ घाट परिसर में एक पेड मां के नाम अभियान के तहत पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में स्वच्छता ब्रांड एंबेसेडर रजनी श्रीवास्तव, एसके कुरैशी, जगन्नाथ डेहरिया, राजकुमार नागले, बाबी हैदर, अंगद यादव, अजय साकरे, समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
पीएमश्री स्कूल में किया पौधारोपण
पीएमश्री एकीकृत विद्यालय शोभापुर कॉलोनी में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। यहां 50 पौधे लगाए गए। बच्चों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर ब्रांड एंबेसेडर रजनी श्रीवास्तव का नगर पालिका की ओर से सम्मान भी किया गया।
4 अक्टूबर को वार्ड 17 में लगेगा शिविर
रविवार 4 अक्टूबर को सेवा ही संकल्प अभियान सेवा सेतु अंतर्गत मेगा शिविर का आयोजन नगर पालिका द्वारा वार्ड 17 एक्यूप्रेशर गार्डन के सामने स्थित मैदान में किया जाएगा। सुबह 11 बजे से आयोजित शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने आम जनता से उक्त शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया है।