• रात 9 बजे पहुंचेंगे
  • 35 हजार गोपालकों से संवाद करेंगे
  • डेयरी प्लांट का शुभारंभ भीभोपाल

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करीब 23 घंटे भोपाल में रहेंगे। वे 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे। 3 अक्टूबर को उनका दिनभर विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रमों में व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। रात करीब 8 बजे वे भोपाल से रवाना होंगे।

भेल मैदान में 35 हजार से ज्यादा गोपालक जुटेंगे

शाह भेल दशहरा मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसमें प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे। सम्मेलन में पशुपालकों को बोनस राशि, गौशालाओं के लिए सहायता और गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी बांटे जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से कृषक कल्याण वर्ष के तहत हुए कार्यों और बलराम कृषि महोत्सव की गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण होगा। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे।

16.80 करोड़ के डेयरी प्लांट का शुभारंभ

शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ भी करेंगे। 16.80 करोड़ रुपए की लागत से बने इस प्लांट में भारत सरकार का 6 करोड़ रुपए का अनुदान और भोपाल सहकारी दुग्ध संघ का 10.80 करोड़ रुपए का अंशदान है। प्लांट की दूध प्रसंस्करण क्षमता 40 हजार लीटर प्रतिदिन है। यहां दूध से दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा सहित मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

रोज 10 हजार लीटर दूध, 10 हजार लीटर दही

प्लांट में प्रतिदिन 10 हजार लीटर दूध और 10 हजार लीटर दही तैयार करने की क्षमता होगी। इसके अलावा 30 हजार लीटर छाछ, 1 हजार लीटर लस्सी, 800 किलो श्रीखंड और 1 हजार किलो मावा तैयार किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य सांची के कारोबार को केवल तरल दूध की बिक्री तक सीमित रखने के बजाय मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों का उत्पादन बढ़ाना है।

उज्जैन में 255 करोड़ के डेयरी प्लांट समेत परियोजनाएं

शाह के कार्यक्रम में प्रदेश के डेयरी क्षेत्र से जुड़ी अन्य परियोजनाएं भी शामिल हैं। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित डेयरी प्लांट, दुग्ध प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस वितरण और गौशालाओं के लिए सहायता भी दी जाएगी।

नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी देखेंगे

भेल दशहरा मैदान में पुलिस मुख्यालय की ओर से नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी लगाई गई है। शाह इसका उद्घाटन कर अवलोकन करेंगे। प्रदर्शनी में नए कानूनों और पुलिस व्यवस्था में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा।

भौंरी में IISER परिसर का शिलान्यास

इसके बाद शाह भोपाल बायपास स्थित भौंरी में IISER के अत्रि परिसर के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां परिसर का शिलान्यास करने के साथ स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

3 अक्टूबर रात 8 बजे रवाना

शाह 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे। 3 अक्टूबर को दिनभर कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रात करीब 8 बजे भोपाल से रवाना होंगे। इस दौरान उनका फोकस गृह, डेयरी, पशुपालन, सहकारिता और उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों पर रहेगा।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *