बैतूल। बैतूल कोतवाली पुलिस ने मोबाइल और पर्स लूट के फरार तीसरे आरोपी अमन उईके को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 500 नकद बरामद किए हैं। आरोपी पर एसपी ने इनाम घोषित किया था। पुलिस ने मंगलवार को उसे रानीपुर रोड से घेराबंदी कर पकड़ा।
बाइक रोककर मोबाइल और पर्स लूटा था
पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर की रात करीब 9 बजे अमरावत कला निवासी पूरनचंद मांझी बाइक से रानीपुर से गौठाना जा रहे थे। चिखलार गांव से आगे तीन युवकों ने उनकी बाइक रोकी और मोबाइल व पर्स लूटकर भाग गए। पर्स में करीब ₹6 हजार रुपए थे। पुलिस ने 15 सितंबर को राजा उर्फ निहाल और 24 सितंबर को शिव उर्फ शिवा बानखेड़े को गिरफ्तार किया था। तीसरा आरोपी अमन उईके फरार था। पुलिस ने उस पर इनाम घोषित किया था।
रानीपुर रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस को मंगलवार को सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने रानीपुर रोड पर घेराबंदी कर अमन उईके को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसके पास से ₹500 नकद बरामद किए गए। आरोपी अमन उईके (21), खंजनपुर, बैतूल निवासी है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया समेत पुलिस टीम शामिल रही।