- प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं
- हर बूथ तक पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों को प्रभावी बनाएं
- कार्य की प्रकृति के अनुरूप बेहतर परिणाम के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें- श्री शिवप्रकाश जी
- जन-जन तक सेवा और सुशासन के संकल्प को पहुंचाने का माध्यम बने अभियान
- सेवा से संगठन, संगठन से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण, यही ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भावना- श्री हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिव प्रकाश जी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर प्रदेश स्तरीय टोली, विभिन्न कार्यक्रमों की प्रदेश स्तरीय टोलियों एवं संभाग प्रभारियों की बैठक को संबोधित किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिव प्रकाश जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 17 सितंबर को जन्मदिवस पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत सेवा कार्यों व दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ होगी और इसका समापन 17 अक्टूबर को होगा। प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सुशासन और जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का यह अच्छा अवसर है। 25 वर्षों की उपलब्धियों को अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है, ताकि लोगों तक सरकार के कार्यों की जानकारी पहुंचने के साथ-साथ उन्हें योजनाओं का लाभ भी मिल सके। कार्यकर्ता कार्य की प्रकृति के अनुरूप बेहतर परिणाम के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कार्यक्रमों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी प्रभावशीलता, गुणवत्ता और जनभागीदारी अधिक महत्वपूर्ण है। अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना और समाज के जरूरतमंद वर्ग तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है। सेवा से संगठन, संगठन से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण यही ‘सेवा संकल्प अभियान’ की मूल भावना है। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ला भी मंचासीन रहे। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सेवा संकल्प अभियान के संयोजक श्री राहुल कोठारी ने किया।
बेहतर परिणाम के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें – श्री शिवप्रकाश जी
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मोत्सव पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत हमें कार्य की योजना बनाकर कार्य करना होगा। हर बूथ पर ध्यान देकर सभी 12 कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से चर्चा कर आगे बढ़ना है। हर कार्यक्रम तक पहुंचकर उसे सफल बनाना हमारी प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। प्रत्येक कार्यक्रम को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए उसे प्रभावी रूप से ग्राउंड स्तर तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की योजना से लेकर उनके क्रियान्वयन तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए सरकार और संगठन के बीच निरंतर संवाद एवं बेहतर समन्वय की भी आवश्यकता होगी। तभी हम प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के सुशासन और जनसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचा पाएंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के लिए काम और काम के लिए उपयुक्त व्यक्ति की तलाश करना हमारे संगठन की विशेषता है। इसलिए प्रत्येक कार्य की प्रकृति और आवश्यकता को समझते हुए उसकी प्राथमिकता तय कर कार्य किया जाना चाहिए। हमारा प्रयास होना चाहिए कि जो भी कार्य किया जाए, वह बेहतर और प्रभावी हो। इसके लिए प्रत्येक कार्य का चयन करते समय उसकी आवश्यकता, उपयोगिता और परिणाम को ध्यान में रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कार्य की प्रकृति के अनुरूप व्यवस्थाएं पुख्ता हों, यह हमारी प्राथमिक चिंता होनी चाहिए। किसी भी कार्य को केवल औपचारिकता के रूप में न लेते हुए उसकी पूरी तैयारी और व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बेहतर योजना, मजबूत व्यवस्था और निरंतर निगरानी के माध्यम से कार्यों को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है।
अगले एक माह संगठन की पूरी शक्ति सेवा संकल्प अभियान की सफलता में लगे – श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने राजनीति को सेवा, सुशासन और जनकल्याण का माध्यम बनाकर देश के विकास को नई दिशा दी है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी विचार को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और सेवा कार्यों को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा का मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है। उन्होंने कहा कि सेवा से संगठन, संगठन से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण-यही ‘सेवा संकल्प अभियान’ की मूल भावना है। संगठन के कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि सेवा और जनकल्याण की भावना को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए उसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। सेवा ही हमारी संगठनात्मक संस्कृति की पहचान हैै। ‘सेवा संकल्प अभियान’ को इसी भावना के साथ व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। हम सभी को अगले एक माह तक निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता, योजनाबद्ध तरीके और प्रभावशीलता के साथ सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी प्रभावशीलता, गुणवत्ता और जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। अभियान का उद्देश्य केवल अधिक कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ना और समाज के जरूरतमंद वर्ग तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है। प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा के संकल्प को अपनी जिम्मेदारी मानकर कार्य करे और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं।