• गणेशोत्सव में माटी की प्रतिमा अपनाएं, स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा दें
  • माटी की प्रतिमा हमारी परंपरा, स्थानीय कला और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम -श्री हेमंत खण्डेलवाल

बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर बैतूल में स्थानीय कलाकारों द्वारा माटी से हस्तनिर्मित भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा खरीदी और डिजिटल माध्यम से उसका भुगतान किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश जी सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और मंगल लेकर आएं तथा प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों से माटी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने तथा स्थानीय कलाकारों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि गणेशोत्सव हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का पर्व है। भगवान श्री गणेश जी विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव को हमारी परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय कला के संवर्धन से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। माटी से निर्मित भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा हमारी परंपरा, स्थानीय कला और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम है।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा रोजगार और प्रोत्साहन
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि स्थानीय कलाकारों और कारीगरों द्वारा हस्तनिर्मित माटी की प्रतिमाएं खरीदने से उनकी कला को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें रोजगार एवं आर्थिक संबल मिलता है। हमारे स्थानीय कलाकार अपनी मेहनत और हुनर से सुंदर प्रतिमाओं का निर्माण करते हैं। गणेशोत्सव के दौरान उनके द्वारा निर्मित प्रतिमाओं को खरीदना उनकी प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि माटी से बनी प्रतिमाएं पर्यावरण की दृष्टि से भी अनुकूल होती हैं। इसलिए गणेशोत्सव में माटी की प्रतिमाओं को प्राथमिकता देकर हम अपनी आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्थानीय कलाकारों से माटी की गणेश प्रतिमाएं खरीदें और ‘लोकल के लिए वोकल’ की भावना को मजबूत करें।
डिजिटल भुगतान को भी दिया बढ़ावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा की खरीदी का भुगतान डिजिटल माध्यम से करते हुए डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। डिजिटल लेन-देन ने व्यापार और रोजमर्रा के भुगतान को सरल, सुगम, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया है। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदारों, स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी डिजिटल भुगतान से जोड़ना डिजिटल भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमें अपनी दैनिक खरीदारी में अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान को अपनाकर डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री श्री अतीत पवार, जिला अध्यक्ष श्री सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री महेश राठौर, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री महेश्वर सिंह चंदेल, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री विक्रम वैद्य, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष श्री दीपक सलूजा, गंज मंडल अध्यक्ष श्री विकास मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि श्री कैलाश बंडू धोटे, पार्षद श्री नितेश पिंटू परिहार सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed