• बैतूल, आमला, सारणी में भी हो चुका है धरना

बैतूल। बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने भैंसदेही में प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकाली और बिजली विभाग व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। इसमें बिजली बिलों की जांच और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की गई।
यह प्रदर्शन आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, कांग्रेस विधानसभा प्रभारी गोविंद व्यास और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज रानू ठाकुर के नेतृत्व में हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि दो कमरों के मकानों और कम बिजली इस्तेमाल करने वाले परिवारों को भी चार से पांच हजार रुपए तक के बिल मिल रहे हैं।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि ज्यादा बिल आने वाले उपभोक्ताओं के मीटर और बिलों की निष्पक्ष जांच हो। वास्तविक बिजली खपत के आधार पर बिलों में सुधार किया जाए। जांच पूरी होने तक जरूरतमंद उपभोक्ताओं के कनेक्शन न काटे जाएं। साथ ही स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर फिर से लगाए जाएं।
कांग्रेस नेता बोले- बढे़ बिजली बिलों से जनता परेशान
आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम ने कहा कि बढे़े बिजली बिलों से जनता परेशान है। सरकार जनता को राहत देने की बजाय उस पर और बोझ डाल रही है। विधानसभा प्रभारी गोविंद व्यास ने कहा कि भारी बिजली बिलों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज रानू ठाकुर ने कहा कि महंगाई से जनता पहले ही परेशान है। अब बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों पर और आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
बता दें कि कांग्रेस स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों के विरोध में इससे पहले आमला, बैतूल और सारणी में भी प्रदर्शन कर चुकी है। भैंसदेही के इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नगरवासी मौजूद थे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *