- सांसद आलोक शर्मा से भोपाल मास्टर प्लान को लेकर व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने की मुलाकात
भोपाल। भोपाल शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों के व्यापारी प्रतिनिधियों ने गुरुवार को सांसद श्री आलोक शर्मा से उनके निवास पर मुलाकात कर मास्टर प्लान और नगर निगम द्वारा जारी किए जा रहे नोटिसों के संबंध में अपनी गंभीर चिंताओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल में 10 नंबर मार्केट, 11 नंबर मार्केट, बिट्टन मार्केट, अरेरा कॉलोनी, बावड़िया कलां सहित अन्य क्षेत्रों के व्यापारी संघों के प्रतिनिधि शामिल थे। सांसद से मुलाकात के उपरांत प्रतिनिधियों ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री भगवानदास सबनानी से भी भेंट कर अपनी समस्याएं रखीं।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने सांसद श्री आलोक शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि भोपाल का मास्टर प्लान लगभग दो दशकों से लंबित है। हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय के बाद नगर निगम भोपाल द्वारा रहवासी क्षेत्रों में संचालित दुकानों, अस्पतालों, शोरूम तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इससे हजारों व्यापारियों एवं उनसे जुड़े परिवारों के समक्ष आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। प्रतिनिधियों ने कहा कि वे वर्षों से नियमानुसार अपने प्रतिष्ठानों का संचालन कर रहे हैं, लेकिन मास्टर प्लान के अभाव में अब उनके सामने व्यापार बंद होने की आशंका खड़ी हो गई है। उन्होंने सरकार से इस विषय में व्यावहारिक, न्यायसंगत एवं स्थायी समाधान निकालने का आग्रह किया।
सांसद श्री आलोक शर्मा ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र ही भोपाल के जनप्रतिनिधियों के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि भोपाल के विकास और व्यापारियों की आजीविका, दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। विकास की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिसमें व्यापारियों के हित सुरक्षित रहें और किसी भी परिवार के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने विश्वास दिलाया कि व्यापारियों की सभी जायज़ चिंताओं को सरकार के समक्ष पूरी मजबूती के साथ रखा जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
+ There are no comments
Add yours