• पुलिस कमिश्नर कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्‍न

भोपाल। भोपाल सांसद श्री आलोक शर्मा ने शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शहर के 16 ब्लैक स्पॉट समाप्त करने, 37 लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने, बंद पड़े ट्रैफिक सिग्नलों को पुनः संचालित करने, अतिक्रमण एवं कंडम वाहनों को हटाने, विद्युत पोल सहित अन्य अवरोधों को स्थानांतरित करने तथा ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद श्री आलोक शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें, ताकि नागरिकों को बाजार, स्कूल, कार्यालय, अस्पताल, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख स्थानों तक निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि राजधानी की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना केवल एक विभाग की नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है। श्री शर्मा ने नगर निगम द्वारा लेफ्ट टर्न सुधार एवं विद्युत पोल हटाने के कार्यों के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर महापौर श्रीमती मालती राय एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस राशि का उपयोग समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्यों के लिए किया जाए। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सांसद श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात प्रबंधन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, जिससे त्योहारों के दौरान नागरिकों को जाम, अव्यवस्था और अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। सांसद श्री शर्मा ने महापौर श्रीमती मालती राय को जलभराव वाले स्थानों की सूची सौंपते हुए निर्देश दिए कि नगर निगम के अधिकारी तत्काल स्थलों का निरीक्षण कर प्रभावी जल निकासी एवं सड़क सुधार की कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान पीडब्ल्यूडी, राजस्व विभाग, यातायात पुलिस, एनएचएआई एवं एमपीआरडीसी के अधिकारियों द्वारा कई बिंदुओं पर संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर सांसद श्री शर्मा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अगली समीक्षा बैठक में सभी अधिकारी पूर्ण तैयारी, अद्यतन जानकारी एवं कार्यों की प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित हों। किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अधूरी जानकारी अब स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान महापौर श्रीमती मालती राय ने सदर मंजिल से काली मंदिर चौराहे तथा वहां से बुधवारा क्षेत्र तक सड़क पर फैले अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। इस पर सांसद श्री शर्मा ने पुलिस, राजस्व एवं नगर निगम अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर पूरे क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कें आमजन की सुविधा के लिए हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार, स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह चौहान, महापौर श्रीमती मालती राय तथा नगर निगम, राजस्व विभाग, एनएचएआई, एमपीआरडीसी, यातायात पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *