पानी की समस्या से प्रभावित ग्राम झिरियाडोह, चीरापाटला, गवासेन, आमढाना, काबरारैयत आदि में पानी की आपूर्ति सुचारू

Estimated read time 1 min read
  • पेयजल समस्याओं के त्वरित एवं स्थायी समाधान के निर्देश
  • कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने पेयजल प्रबंधन की समीक्षा की

बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने रविवार को जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल प्रबंधन को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने भ्रमण के दौरान एवं कंट्रोल रूम में प्राप्त पेयजल शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से ली। बैठक में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री मनोज बघेल ने बताया कि भ्रमण एवं रात्रि चौपाल के दौरान प्राप्त पेयजल समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चिचोली के दूरस्थ वन ग्राम झिरियाडोह में पेयजल सप्लाई तत्काल प्रारंभ करा दी गई थी।

इसी प्रकार गवासेन में बिजली संबंधी समस्या के कारण प्रभावित पेयजल आपूर्ति को एमपीईबी के माध्यम से हरदा जिले से लाइन कनेक्ट कर सुचारू किया गया। वहीं चिरापाटला एवं ग्राम आमढाना में प्राप्त पेयजल समस्याओं का भी समाधान कराया गया है। आमला क्षेत्र के कोठिया एवं रंभाखेड़ी में भी पेयजल आपूर्ति बहाल की गई। भैंसदेही के दूरस्थ ग्राम काबरा एवं काबरा रैयत में निजी नलकूप से पाइपलाइन जोड़कर वर्तमान में पेयजल समस्या का समाधान किया गया है। साथ ही दोनों ग्रामों में स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना भी तैयार की गई है।

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में वर्तमान में पानी की समस्या उत्पन्न हुई है, वहां आगामी ग्रीष्म ऋतु में पुनः ऐसी स्थिति निर्मित न हो। इसके लिए पेयजल समस्याओं का दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने हालही में समस्या ग्रस्त हुए क्षेत्रों में विभिन्न निधियों से नलकूप खनन प्रस्तावित करने तथा नलकूप खनन से पूर्व जल स्रोतों का गंभीरता से चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, ताकि नलकूप असफल होने जैसी स्थिति न बने। उन्होंने नगरीय निकायों में भी पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित एवं सुचारू जल सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने जल निगम की प्रगतिरत सिंचाई परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित माइलस्टोन के अनुरूप परियोजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

+ There are no comments

Add yours