• मुलताई में प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल होंगे मुख्य अतिथि

बैतूल। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत गंगा दशमी पर्व के उपलक्ष्य में 25 मई 2026 को जिलेभर में विभिन्न जन जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत जल संरक्षण एवं नदी संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रभातफेरी, नदी एवं जलाशय परिक्रमा, साइकिल रैली, चुनरी अर्पण एवं पूजन, जल एवं नदी गीतों की प्रस्तुति सहित विविध गतिविधियां आयोजित होंगी।इसके साथ ही युवाओं एवं आमजन को जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक करने के लिए संगोष्ठी, सेमिनार एवं व्याख्यान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ताप्ती उद्गम स्थल मुलताई में आयोजित होगा। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के तहत शाम 6 बजे प्रभारी मंत्री का मुलताई आगमन होगा। इसके पश्चात मां ताप्ती जी का पूजन-अर्चन, चुनरी अर्पण, महाआरती घाट पर अभिषेक एवं महाआरती आयोजित की जाएगी। वहीं मां ताप्ती परिक्रमा मार्ग स्थित भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जिले के सभी एसडीएम एवं संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *