- विभागीय शिविरों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली
बैतूल। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने भीमपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 अंतर्गत “जांच, जागरूकता और जनभागीदारी महाअभियान” कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं सामाजिक न्याय विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया। राज्यपाल श्री पटेल ने स्वास्थ्य विभाग के शिविर का अवलोकन कर सिकल सेल एवं टीबी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य अमले से चर्चा कर निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित की जाए तथा समय पर उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जाए। शिविर में सिकल सेल, टीबी, मलेरिया, ब्लड प्रेशर एवं शुगर सहित 235 मरीजों की जांच की गई। साथ ही आभा आईडी एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
इसके बाद राज्यपाल श्री पटेल ने सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के शिविर का निरीक्षण कर दिव्यांगजनों के कृत्रिम अंग चिन्हांकन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांगजनों और बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक पोलियो ग्रस्त दिव्यांग महिला से चर्चा करते हुए उन्होंने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए अपने हाथों से उसे पानी पिलाया तथा अधिकारियों को महिला की समुचित जांच कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
भारत सरकार की एडिप एवं वयोश्री योजना अंतर्गत आयोजित शिविर में जनपद पंचायत भीमपुर, भैंसदेही एवं नगर परिषद भैंसदेही क्षेत्र के दिव्यांग एवं वरिष्ठजनों का परीक्षण किया गया। कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिम्को जबलपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण कर आवश्यकतानुसार कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के लिए चिन्हांकन किया गया। वहीं एसआर ट्रस्ट रतलाम द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण कर त्वरित रूप से कैलीपर्स भी उपलब्ध कराए गए। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांग एवं वरिष्ठजन उपस्थित होकर पंजीयन कराने पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि एडिप योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए हितग्राही की दिव्यांगता 40 प्रतिशत से अधिक तथा वयोश्री योजना के लिए आयु 60 वर्ष से अधिक होना आवश्यक है। योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांग एवं वरिष्ठजनों को उनके निकटतम क्षेत्र में ही आवश्यक सहायता और उपकरण उपलब्ध कराकर दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करना तथा उनके सामाजिक, शारीरिक एवं आर्थिक पुनर्वास को सशक्त बनाना है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री जनजातीय मामले श्री दुर्गादास उईके, उपाध्यक्ष जन अभियान परिषद श्री मोहन नागर, विधायक भैंसदेही श्री महेंद्र सिंह चौहान, विधायक घोड़ाडोंगरी श्रीमती गंगाबाई उईके, सदस्य अनुसूचित जनजाति आयोग श्री मंगल सिंह धुर्वे, आयुक्त नर्मदापुरम श्री श्रीकांत बनोठ, पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथलेश कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री हंसराज धुर्वे, अध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर श्री भैयालाल इरपाचे, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत भीमपुर श्रीमती प्रेमलता कास्दे, सरपंच ग्राम पंचायत भीमपुर श्री मानसिंह नर्रे तथा कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।