बैतूल। बैतूल के पुलिस ग्राउंड में बुधवार को अफरातफरी मच गई। जब नारेबाजी कर रही भीड़ को समझाइश देने के बाद भी न मानने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ दिए। फिर भी वहां जमा लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी। गुस्साए लोग अभी भी शांत नही हुए तो पुलिस गोलियां चलाने को मजबूर हो गए। इस गोलीबारी में एक आदमी घायल हो गया। जिसे तुरन्त स्ट्रेचर से जिला अस्पताल भेजा गया।
आंसू गैस छोड़ना, लाठी चार्ज करना और गोलीबारी करना महज एक मॉक ड्रिल थी। जो पंचायत चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बैतूल के पुलिस बल ने परेड ग्राउंड पर नाटकीय रूप से तैयार किया था। जवान चुनाव के दौरान ऐसे हालातों से निपटने की प्रैक्टिस कर रहे थे।
पंचायत चुनाव को लेकर SP सिमाला प्रसाद और ASP सोनी के मार्गदर्शन में ये पूरा मॉक ड्रिल हुआ था। जिसमें जिले के कई स्थानों के थाना प्रभारी और बैतूल मुलताई शाहपुर अनुविभाग के एसडीओपी मौजूद थे। ड्रिल में पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मचारी एक तरफ प्रदर्शन कर रहे थे तो दूसरी तरफ फोर्स उनको कंट्रोल करने के लिए कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान प्रदर्शनकारी बने पुलिसकर्मी वहां कानून व्यवस्था में तैनात पुलिस के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
ASP सोनी ने बताया कि पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए ड्रिल का आयोजन किया गया था। इसमें फोर्स को बताया गया कि अगर कहीं ऐसी स्थिति बनती है तो उस पर कैसे नियंत्रण किया जाए। क्या-क्या कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान अगर कोई जख्मी होता है तो उसका कैसे रेस्क्यू किया जाता है। उसे कैसे अस्पताल भेजा जाता है।