भोपाल। राजधानी भोपाल में नई कमिश्नरी में न्यू ईयर सेलिब्रेशन की गाइडलाइन उलझ गई है। क्रिसमस से ईयर एंडिग तक होने वाले जश्न पर भीड़ को खुली छूट रहेगी या रोक-टोक होगी, यह न तो पुलिस तय कर पा रही है और न ही जिला प्रशासन। धारा 144 के तहत अब तक किसी प्रकार के आदेश जारी नहीं हो सके हैं। दूसरी ओर होटल-रेस्टोरेंट, पब, क्लब या ओपन स्पेस की बुकिंग शुरू हो गई है। यदि ऐनवक्त पर गाइडलाइन जारी हुई तो मुश्किलें बढ़ जाएंगी।

भोपाल में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू हो चुका है और अधिकांश मामलों में धारा 144 लगाने के पॉवर पुलिस के पास पहुंच गए हैं। कुछ मामलों में कलेक्टर आदेश जारी कर सकते हैं। बावजूद अब तक न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर गाइडलाइन जारी नहीं हो पाई है, जबकि पार्टी स्पेस की बुकिंग की शुरुआत हो गई है।

सरकार हटा चुकी सारी पाबंदियां

कोरोना से जुड़ी सारी पाबंदियां प्रदेश सरकार नवंबर में ही हटा चुकी है। अब न तो नाइट कर्फ्यू लागू है और न ही होटल-रेस्टोरेंट, क्लब, ओपन स्पेस, सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल आदि जगह लोगों की संख्या को लेकर कोई पाबंदी है। इसके चलते न्यू ईयर के 15 दिन पहले ही राजधानी में पार्टी के लिए जगह की बुकिंग होने लगी है। रेस्टोरेंट संचालक रामवीर सिंह ने बताया, 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी के लिए रेस्टोरेंट की बुकिंग हो गई है, लेकिन पशोपेश इस बात से है कि यदि सरकार, पुलिस या प्रशासन ने कोई गाइडलाइन जारी की तो हमारा तो नुकसान होगा ही, लोगों की मुश्किलें भी बढ़ जाएंगी।

भोपाल बना कोरोना हॉट-स्पॉट

भोपाल कोरोना का हॉट-स्पॉट बन चुका है। मध्यप्रदेश में दिसंबर महीने में कुल 347 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा पॉजिटिव भोपाल में 137 में ही मिले हैं। वहीं, एक्टिव केस 65 है। इसलिए चिंता बढ़ना भी लाजमी है। इस कारण गाइडलाइन जारी हो सकती है, लेकिन यदि गाइडलाइन जारी होने में देरी होती है तो लोगों के जश्न में खलल पड़ जाएगा।

पिछले न्यू ईयर पर 200 लोगों की थी अनुमति

पिछले साल न्यू ईयर पर होटल, पब और ओपन स्पेस में मनाए जाने की छूट थी। ओपन स्पेस जैसे गार्डन या मैदानों में होने वाले आयोजन में एक बार में 200 से ज्यादा लोगों के एकत्रित होने की मनाही थी और होटल, क्लब-पब आदि में भी 50 प्रतिशत क्षमता के साथ ही आयोजन होने के निर्देश थे। वहीं, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाना आयोजक की जिम्मेदारी थी।

बुकिंग कर रहे

न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर अभी कोई गाइडलाइन जारी नहीं की है। चूंकि, सरकार ने सभी पाबंदी की छूट दे दी है। इसलिए होटल-रेस्टोरेंट की बुकिंग की जा रही है।

तेजकृपाल सिंह पाली, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन भोपाल

25 या 26 दिसंबर को जारी करेंगे गाइडलाइन

फिलहाल नए साल को लेकर गाइडलाइन तैयार नहीं की गई है। 25 या 26 दिसंबर को गाइडलाइन जारी कर दी जाएगी।

मकरंद देउस्कर, पुलिस कमिश्नर

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *