बैतूल। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार धाकड़ ने बताया कि 8 जनवरी 2021 को बैतूल जिले के तीन स्थानों पर शासकीय और निजी स्वास्थ्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाता को प्रथम चरण में दी जाने वाली कोविड वैक्सीन की तैयारियों हेतु ड्राय रन आयोजित किया गया। यह ड्राय रन जिला अस्पताल बैतूल, पाढर नर्सिंग कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेहरा में आयोजित किया गया।
जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस ड्राय रन में किस प्रकार वेक्सीन लगाया जाना है, इसकी पूरी प्रक्रिया बिना वैक्सीन के सम्पन्न की गई। जिला चिकित्सालय बैतूल के प्रथम तल पर 25 हितग्राहियों को अपलोड कर प्रक्रिया सुनिश्चित की गई। जिसमें 25 हितग्राहियों एवं 5 दल कर्मियों की टीम के द्वारा ड्राय रन का प्रोटोकॉल अनुसार सीमित अवधि प्रात: 9 से 11 बजे के मध्य सफलता पूर्वक जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सम्पादन हुआ। इस ड्राय रन में टीकाकरण हेतु हितग्राही को 4 संदेश दिये गये, टीकाकरण पश्चात आब्जर्वर रूम में 30 मिनट बैठने की भी व्यवस्था की गई। सभी हितग्राहियों की चिकित्सकों द्वारा निगरानी भी रखी गई। इस ड्राय रन में आईएमए के सचिव एवं आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, सीईओ जिला पंचायत श्री एमएल त्यागी, सीएमएचओ डॉ. प्रदीप कुमार धाकड, डीएचओ डॉ. आरके धुर्वे, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद भट्ट, एसएमओ डब्ल्यूएचओ डॉ. अविनाश कनेरे, सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा, वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. एके पांडे सहित अन्य चिकित्सकगण एवं स्टाफ  मौजूद रहा। अतिथियों द्वारा ड्राय रन की व्यवस्था के अवलोकन के साथ ही ड्यूटीरत वेक्सीनेशन ऑफिसर्स, चिकित्सकों से चर्चा कर जानकारी प्राप्त की गई एवं उचित व्यवस्था और सफल संचालन के लिये प्रसन्नता व्यक्त की गई। जिले में कोविड-19 टीकाकरण अभियान सफलता पूर्वक सम्पन्न हो सके इसके लिये पर्याप्त व्यवस्था करने हेतु अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिये गये।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक बारंगा ने बताया कि ड्राय रन एक छद्म व्यवस्था है जो एक मॉक ड्रिल की तरह है। यह व्यवस्था संपादित कर देखा गया कि आने वाले सत्र में कोई हितग्राही को समस्या न हो, यदि समस्या हो तो निदान कैसे किया जाये। पूर्व में टीकाकरण छोटे बच्चों का ही किया जाता था, चूंकि कोविड-19 टीकाकरण अभियान सभी आयु वर्ग एवं संपूर्ण जनसंख्या पर होने जा रहा है इसलिये यह बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। टीकाकरण व्यवस्था प्रणाली का सुचारू रूप से आगामी संचालन हो इस हेतु पूर्व रिहर्सल की गई।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *