भोपाल. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिए गए खास इंटरव्यू के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है. एक तरफ जहां बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी चुनाव में जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है. दरअसल, इंटरव्यू के दौरान जब जेपी नड्डा से सवाल किया गया कि कांग्रेस नेता द्वारा सीएम शिवराज सिंह चौहान को भूखा-नंगा कहा गया, इस पर नड्डा ने जवाब देते हुए कहा कि ऐसे बयान से कांग्रेस पार्टी का कैरेक्टर और उनकी सोच दिखती है. जेपी नड्डा ने कहा कि एमपी में शिवराज को जनता का आशीर्वाद मिलेगा. ओछे बयानों से कांग्रेस का कैरेक्टर दिखता है. बीजेपी प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने जहां नड्डा के बयान के आधार पर कांग्रेस नेताओं को कठघरे में खड़ा किया है. वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता अजय यादव का आरोप है कि बीजेपी जनता को हिसाब देने के बजाए मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है.
क्या है मामला?
दरअसल, मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा है. मुरैना में एक सभा को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस के नेता दिनेश गुर्जर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए भूखे नंगे शब्द का इस्तेमाल किया था. इसके बाद पूरी बीजेपी कांग्रेस पर हमलावर हो गई थी. खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अपनी सभाओं में बार-बार इस बात का जिक्र करते हैं कि कांग्रेस के नेता उन्हें भूखा-नंगा कहते हैं, तो यही सही. बीजेपी नेता उद्योगपति होने का हवाला देकर पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश पूरे चुनाव में कर रहे हैं.