भोपाल। मध्‍य प्रदेश में उप चुनाव की हलचल के बाद कांग्रेस को एक और झटका लगा है। आज मांधाता विधायक नारायण पटेल ने अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया है। पटेल ने विधायक पद से अपना इस्तीफा प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा को दे दिया है। उन्होंने इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। यह माना जा रहा है कि वे अब भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लेंगे।

इससे पहले भी कांग्रेस विधायकों के लगातार पार्टी छोड़कर जाने से परेशान पार्टी नेता बुधवार को उस समय सहम गए थे जब खबर उड़ी थी कि खंडवा जिले के मांधाता विधायक नारायण पटेल भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं। उनसे मोबाइल से भी किसी कांग्रेस नेता का संपर्क नहीं हो पा रहा था तो नेताओं की धड़कनें ज्यादा बढ़ गईं और उनके स्वजनों से संपर्क कर नारायण पटेल के बारे में जानकारी जुटाई गई।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के मांधाता विधायक नारायण पटेल के बारे में पार्टी नेताओं को बुधवार को सूचना दी गई कि उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। वे भाजपा नेताओं के संपर्क में थे और इसके बाद आज न उनसे घर पर संपर्क हो पा रहा है, न मोबाइल से ही बात हो पा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अपने विधायकों से लगातार संपर्क रहने की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भी उनसे संपर्क करने का प्रयास किया मगर उनकी भी पटेल से बात नहीं हो सकी। काफी प्रयास के बाद वर्मा की नारायण पटेल के बेटे से बात हुई और वह भी उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सका। सूत्र बताते हैं कि नारायण पटेल की तलाश करते-करते कांग्रेस को यह जानकारी लगी कि विधायक ने हाल ही में 80 लाख का ऋण इंदौर से लिया है। यह ऋण क्यों लिया गया और किसलिए लिया गया, इसे बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। पार्टी के तमाम नेता विधायक नारायण पटेल की जब तलाश में जुटे थे तब पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव की उनसे बात हुई। उन्होंने अपने आपको सकुशल बताया तो पार्टी नेताओं को सुकून मिला। हालांकि नारायण पटेल से जब “नईदुनिया” ने संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल बंद मिला। हालांकि यह कवा यद बेकार ही रही क्‍योंकि आज पटेल ने विधायकी छोड़ दी। गौरतलब है कि अब तक कांग्रेस से 25 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है और 24 भाजपा में शामिल हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव-2018 में कांग्रेस को 114 सीटों पर जीत मिली थी लेकिन अब उसके खाते में 89 विधायक बचे हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *