• सर्वदलीय बैठक में लिया गया निर्णय, प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, सीएम शिवराज और पूर्व सीएम कमलनाथ शामिल हुए
  • सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से कहा कि कोरोना को लेकर मौजूदा परिस्थिति में सत्र चलाना उपयुक्त नहीं होगा

मध्यप्रदेश विधानसभा का 20 जुलाई से प्रारंभ होने वाला मानसून सत्र कोरोना संक्रमण के चलते आज स्थगित करने का निर्णय लिया गया। प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा की अध्यक्षता में यहां सर्वदलीय बैठक में चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। विधानसभा का मानसून सत्र 20-24 जुलाई के बीच होना था। इस दौरान 2020-21 बजट पेश किया जाना था और विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना था। 

बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा और अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, सर्वदलीय बैठक में तय किया गया कि भोपाल और अन्य शहरों में कोरोना के प्रकरण लगातार बढ़ने के मद्देनजर सत्र स्थगित किया जाना चाहिए। इस पर निर्णय ले लिया गया। 

कोरोना की वजह से सत्र चलाना उपयुक्त नहीं था: सीएम 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से कहा कि कोरोना को लेकर मौजूदा परिस्थितियों में सत्र चलाना उपयुक्त नहीं होगा। इसलिए अध्यक्ष से चर्चा के बाद सत्र स्थगित करने का फैसला किया गया है। संवैधानिक कार्यों को पूर्ण करने के लिए हम लोग चर्चा करेंगे।

सरकार खर्चों के लिए अध्यादेश ला सकती है 
इस दौरान वित्त वर्ष 2020-21 के लिए बजट भी पारित कराना था। माना जा रहा है कि अब बजट पारित करने के लिए अन्य संवैधानिक विकल्पों जैसे अध्यादेश के उपयोग पर भी विचार किया जाएगा। इसके पहले मार्च में भी सरकार ने चार महीने के लिए अध्यादेश लाकर खर्चे का इंतजाम किया था।

विधायक और कुछ कर्मचारी मिल चुके हैं कोरोना संक्रमित  

मौजूदा कोरोना काल के दौरान लगभग आधा दर्जन विधायक भी कोरोना संक्रमण के शिकार हो चुके हैं। विधानसभा के कुछ कर्मचारी, राज्य सरकार के अधिकारी कर्मचारी और मीडिया से जुड़े लोग भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *