• पत्र में कृषि मंत्री ने मांग की है कि चीन से मिले चंदे और फिर आयात में दी गई रियायतों की सीबीआई जांच कराई जाए
  • उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले फाउंडेशन को दान के नाम पर करोड़ों रुपए की वित्तीय सहायता मिली

भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर चीन के मामले में इस बार शिवराज सरकार में कृषि मंत्री कमल पटेल ने निशाना साधा है। कृषि मंत्री पटेल ने राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से चंदा मिलने के बाद दी गई रियायतों के लिए तत्कालीन वाणिज्य मंत्री कमलनाथ की भूमिका को संदिग्ध माना है और पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। कमल पटेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर कृषि मंत्री ने कहा है कि चीन से सीमा विवाद के चलते कांग्रेस लगातार अनर्गल बयान दे रही है। उन्होंने कहा कि मीडिया से मिल रही जानकारियों के आधार पर चीन एवं तत्कालीन यूपीए सरकार के गहरे संबंध नकारे नहीं जा सकते। सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले राजीव गांधी फाउंडेशन को दान के नाम पर पीपल रिपब्लिक ऑफ चायना के दूतावास से करोडों रुपए की वित्तीय सहायता मिली है। कमल पटेल ने कहा कि चीन के साथ जारी सीमा विवाद के दौरान पूर्व यूपीए सरकार का नरम रवैया इसी आर्थिक सहायता के कारण तो नहीं रहा। 

कमल पटेल ने केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है। 

शक जताया कि चीन का पैसा आतंकवादी गतिविधि में उपयोग तो नहीं हुआ

कमल पटेल ने पत्र में कहा है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही नहीं तत्कालीन यूपीए सरकार में वाणिज्य मंत्री रहे कमलनाथ ने चीन से होने वाले आयात पर रियायत दी थी, यह भी शक पैदा करता है कि कहीं यह उदारता राजीव गांधी फाउंडेशन को मिली आर्थिक सहायता के कारण तो नहीं दिखाई गई थी। कमल पटेल ने कहा कि पाकिस्तान उच्च आयुक्त के माध्यम से यदि किसी व्यक्ति विशेष अथवा संस्था को किसी प्रकार की आर्थिक सहायता दी जाती है तो यह माना जाता है कि वह कहीं न कहीं आतंकवादी गतिविधि में उपयोग हो रही है। 

प्रदेश की जनता केंद्र सरकार के साथ: कमल पटेल 
कृषि मंत्री ने कहा कि जिस तरह चीन, पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत की सीमा को छलनी कर रहा है, उससे चीन द्वारा प्राप्त आर्थिक सहायता को भी शक की निगाह से देखा जाना चाहिए। कृषि मंत्री कमल पटेल ने यूपीए सरकार के समय चीन से मिली आर्थिक सहायता और आयात में दिए गए अनुचित लाभ तथा संपत्तियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की है जिससे कांग्रेस का सच देश के सामने आ सके। कमल पटेल ने प्रदेश की जनता की ओर से यह भरोसा भी दिलाया है कि चीन के खिलाफ संघर्ष में पूरे प्रदेश की जनता केंद्र सरकार के साथ हैं। 

देश की जनता इनकी असलियत जान चुकी है: कृषि मंत्री 
कमल पटेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा राजनीतिक लाभ और निजी फायदे के लिए देश के साथ विश्वासघात किया है इसलिए वह देश में रहकर देश के हितों को कमजोर कर रहे हैं। कमल पटेल ने कहा कि देश की जनता असलियत जान चुकी है अब पूरे मामले की सीबीआई जांच कराकर कांग्रेस और उसके नेताओं को ​दंडित किए जाने का समय आ गया है जिससे भविष्य में वह देश के खिलाफ कोई साजिश न कर सकें।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *