भोपाल. मध्यप्रदेश में शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर अटकलें फिर तेज हो गई हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है. खास बात यह है कि इस बार खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन अटकलों को हवा दे दी है. उन्होंने कहा मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मंथन हो चुका है और केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद विस्तार कर दिया जाएगा.
दरअसल इस बार मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें इसलिए तेज हुई हैं क्योंकि बुधवार सुबह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत के बीच मंत्रालय में करीब घंटे भर तक मंत्रणा हुई. इस दौरान तीनों नेताओं ने मंत्रिमंडल के नामों को लेकर मंथन किया.माना जा रहा है कि प्रदेश स्तर पर मंत्रिमंडल के नाम फायनल कर लिए गए हैं. अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जल्द ही दिल्ली दौरे पर जाएंगे और केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद नामों पर अंतिम मुहर लग जाएगी.
मई से जारी है विस्तार की अटकलें
शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें मई के पहले हफ्ते से ही जारी हैं. कयास लगाए जा रहे थे कि मई में ही मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा. लेकिन 19 जून को राज्यसभा चुनाव होने की वजह से विस्तार को टाल दिया गया. अब एक बार फिर राज्यसभा चुनाव पूरे होने के बाद यह कहा जा रहा है कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा. मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए दावेदारों की भी भोपाल से दिल्ली तक दौड़ जारी है.फिलहाल शिवराज मंत्रिमंडल में केवल 5 मंत्री शामिल हैं.
राज्यपाल हैं बीमार
मंत्रिमंडल विस्तार में फिलहाल एक समस्या राज्यपाल लालजी टंडन का अस्वस्थ होना है. राज्यपाल फिलहाल लखनऊ में हैं और एक निजी अस्पताल में अपना इलाज करवा रहे हैं. ऐसे में सवाल यह है कि आखिर राज्यपाल की मौजूदगी के बिना मंत्रिमंडल विस्तार कैसे होगा. इस बीच खबरें यह भी है कि हो सकता है छत्तीसगढ़ की राज्यपाल को मध्यप्रदेश का अतिरिक्त प्रभार दे दिया जाए और राज्यपाल लालजी टंडन के स्वस्थ होने तक वह प्रभारी राज्यपाल के तौर पर काम करें.

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *