पटना. बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई में होना है. उनकी मौत से पूरा परिवार टूट चुका है. मुंबई रवाना होने से पहले उनके भाई और बीजेपी विधायक नीरज कुमार बबलू भी अपना हौसला खो बैठे. एयरपोर्ट जाने से पहले नीरज ने कहा कि दूसरे का हौसला देने वाला ऐसा करेगा, कभी सोच भी नहीं सकते थे. सुशांत एक बिंदास लड़का था जो फिल्मों के अलावा गरीबों की मदद करना चाहता था. रुंधे गले से उन्होंने कहा कि सबको रुलाकर वह दुनिया से चला गया.

नीरज कुमार बबलू ने बताया कि सुशांत हमेशा 100 गरीब बच्चों को खाना खिलाने की बात करता था. इन बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने, उन्हें आगे बढ़ाने की बात करता था. ऐसे बच्चों को वह अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा भेजने की भी चाहत रखता था. लेकिन उसके जाने के साथ ही ये सारे सपने भी टूट गए. बीजेपी विधायक ने कहा कि मेरा भाई हमेशा दिल को छूने वाली बात करता था. वह काफी समझदार और होनहार था. मुंबई में होने वाले अंतिम संस्कार को लेकर बीजेपी विधायक ने कहा कि हम चाहते थे कि सुशांत का अंतिम संस्कार पैतृक भूमि बिहार में हो, लेकिन COVID-19 महामारी की वजह से यह संभव नहीं हो सका है.

नीरज कुमार बबलू ने रुंधे हुए स्वर में कहा कि सुशांत की जिंदगी शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई है. वह सबको रुला कर चला गया है. नीरज कुमार बबलू ने सीबीआई जांच की मांग पर कहा कि हम पहले मुंबई जाकर हालात देखेंगे और अगर मेरे परिवार वालों को लगा तो हम इस मौत की जांच की भी मांग करेंगे. मालूम हो कि रविवार को सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके बांद्रा स्थित फ्लैट में फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला था. सुशांत का परिवार पटना से 11:30 की फ्लाइट से मुंबई जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार होना है.

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *