- चारों संक्रमितों को आइसोलेशन में रखा गया है, स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव ने पुष्टि की
- कोरोना संक्रमित में शामिल एक जर्मनी और 3 दुबई से लौटे थे, जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई
भोपाल. कोरोनावायरस ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश में भी दस्तक दे दी। राज्य में पहली बार संक्रमण की पुष्टि जबलपुर में हुई। यहां जर्मनी और दुबई से लौटे 4 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें तीन एक ही परिवार के हैं। स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल के मुताबिक, चारों को नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल ये लोग संक्रमण के पहले स्टेज पर हैं।
इससे पहले गुरुवार को चारों की जांच की गई थी। जबलपुर मेडिकल कॉलेज की लैब में कोरोना की जांच की व्यवस्था है, इसलिए 24 घंटे में चारों की जांच रिपोर्ट आ गई। प्रशासन अब संक्रमितों के परिवारों की भी जांच करा रहा है। साथ ही यह भी सूची बनाई जा रही है कि विदेश यात्रा से लौटने के बाद चारों कहां-कहां गए और किस-किस से मिले। सभी की जांच कराई जाएगी।
मॉल, स्कूल-कॉलेज सब बंद
शासन ने कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए एहतियातन स्कूल-कॉलेज, मॉल, सिनेमाघर बंद कर दिए हैं। सरकार ने आठवीं तक के छात्रों को बिना परीक्षा के अगली क्लास में प्रमोट करने का निर्णय लिया था।