सारनी। लॉकडाउन के दौरान सारनी क्षेत्र के जाने माने संस्कार म्यूजिकल ग्रुप के संचालक सुप्रसिद्ध भजन गायक मनोज कामडे़ अपने घर पर रहकर लॉकडाउन का पूर्ण पालन करते हुए सोशल मीडिया पर लाइव प्रस्तुति दे रहे हैं। घर बैठे ही भजन गायक हारमोनियम तथा अन्य वाद्य यंत्रों से आमजन को कर्णप्रिय भजन तथा गीत सुनाकर समय व्यतीत कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण के दौरान चल रहे लॉकडाउन में घर बैठे लाइव भजन सुनना भक्तों को भी काफी पसंद आ रहा है। फेसबुक लाइव पर प्रस्तुतियों के दौरान ही भजन कलाकार संगीत के माध्यम से कोरोना वायरस से सतर्क रहने और लोगों को घरों में रहने का भी संदेश दे रहे हैं। भजन गायक मनोज कामडे़ एवं संस्कार म्यूजिकल ग्रुप से ही चिचोली के कलाकार दिनेश चढो़कार ने लॉकडाउन के दौरान अनेकों बार अपने तथा कीर्तन की गंगा, भजन संध्या परिवार, जबलपुर माता की भेंटे, कोलकोता, नेपाल, काठमांडू, फरीदाबाद, दिल्ली, हरियाणा आदि भारतीय फ़ेसबुक पेजो के अलावा विशेष बात की अंतराष्ट्रीय पेज (रेडियो हमसफ़र ऑस्ट्रेलिया) के ऑनलाइन लाइव शो पेजों पर भजनों की प्रस्तुतियां देकर अमृत वर्षा की है। लाइव प्रस्तुति के दौरान कलाकार अपने प्रशंसकों को उनकी फरमाइश के भजन सुना कर भी भावविभोर कर रहे हैं। लॉकडाउन में मनोज कामडे़ अनेकों बार अलग-अलग पेजों के बैनर तले फेसबुक पर लाइव आए हैं और भजनों की कर्णप्रिय प्रस्तुतियां देकर भगवान को रिझाया है। मनोज कामडे़ का कहना है कि कोरोना वायरस ऐसी बीमारी है जिसका टिका या दवा अभी तक ईजाद नहीं हो पाई है। ऐसे में भगवान ही एकमात्र सहारा है जिनके गुणगान करने और सुनने से ही इससे काफी हद तक बचा जा सकता है। यही कारण है कि लाइव प्रस्तुति के दौरान बड़ी संख्या में भक्तजन प्रसारण से जोड़ते हैं और कमेंट में अपने-अपने इष्ट देव की जय- जयकार करते हैं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *