नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे. यह पहला मौका नहीं है जब प्रधानमंत्री देश को संबोधित करने जा रहे हैं. इससे पहले भी वे कई बार इसी समय पर देश को संबोधित कर सभी को चौंका चुके हैं. इस बार भी लोग कुछ ऐसा ही उम्मीद लगा रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी रात 8 बजे संदेश देने की बात करते हैं तो लोग थोड़ा सोच में पड़ जाते हैं. संबोधन के लिए रात 8 बजे का समय चुनने को लेकर पीएम मोदी पर कई मीम्स भी बन चुके हैं, जो सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं.
इससे पहले प्रधानमंत्री ने 2 मार्च को भी देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को यह कहकर चौंका दिया था कि वे सोशल मीडिया को छोड़ सकते हैं. प्रधानमंत्री की इस बात को सुनकर उनके फॉलोअर्स हैरान रह गए थे. प्रधानमंत्री की इस बात को लेकर खूब चर्चा भी हुई थी. आइए जानते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का क्या है रात 8 बजे से कनेक्शन.
8 नवंबर रात 8 बजे
देश की जनता इस दिन को नहीं भूल सकती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोट बंदी के लिए भी रात 8 बजे का ही समय चुना था. वह दिन था 8 नवंबर 2016. इस दिन रात 8 बजे अचानक 500 और 1000 के नोटों को बंद करने का एलान किया था. पीएम मोदी ने खुद देश को संबोधित करते हुए ये बड़ा एलान किया था.
8 अगस्त को रात 8 बजे
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पहला संबोधन 8 अगस्त 2019 को रात 8 बजे किया था.
19 मार्च को रात 8 बजे
एक बार फिर प्रधानमंत्री देश को संबोधित करने जा रहे हैं. इस बार भी उन्होने समय रात 8 बजे का ही चुना है. कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री देश की जनता से कोई बड़ी अपील कर सकते हैं.
कब कब चौंकाया
पीएम मोदी ने लोगों को तब भी हैरत में डाल दिया था जब वो अचानक पाकिस्तान पहुंच गए थे. इसके अलावा हाल ही में पीएम दिल्ली में लगे एक हुनर हाट में पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक दुकान पर लिट्टी चोखा खाया, जिसकी तस्वीरें खूब वायरल हुई थीं.