नई दिल्ली. कोरोना वायरस वैश्विक महामारी की वजह से लागू किए गए देशव्यापी लॉकडाउन के बीच राष्ट्रीय राजधानी से पहली विशेष ट्रेन करीब 1,200 प्रवासी श्रमिकों को लेकर गुरुवार को उनके गृह राज्य मध्य प्रदेश रवाना होगी. ये श्रमिक लॉकडाउन की वजह से यहां फंसे हुए हैं. एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के आश्रय गृहों में रह रहे मध्य प्रदेश के करीब 1,200 प्रवासी श्रमिकों को लेकर यह ट्रेन उनके गृह राज्य रवाना होगी. अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में फंसे बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य भेजने के लिए दिल्ली सरकार इन दोनों राज्यों की सरकार से भी बातचीत कर रही है.

कई राज्यों से चल रही हैं ट्रेन
इस तरह की कई विशेष ट्रेन देश के कई अन्य राज्यों से मध्य प्रदेश के लिए चल रही है. जिनसे प्रदेश के प्रवासी मजदूरों को वापस उनके घर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. रीवा में बुधवार को महाराष्ट्र के पनवेल से 13 सौ से अधिक मजदूरों के साथ श्रमिक एक्सप्रेस पहुंची. इस दौरान प्रशासन ने जरूरी इंतजाम कर रखा था. वापस लौटने के बाद इन सभी मजदूरों की स्क्रीनिंग हुई. प्रशासन ने इनके आने और जाने के अलावा खाने पीने की जरूरी व्यवस्था कर रखी थी.

बाहर से आए मजदूरों की कराई जा रही जांच
बाहर से आए मजदूरों की रेलवे स्टेशन में जांच करवाई गई. इसके अलावा इन सभी को उनके घरों तक पहुंचाने किए बस की व्यवस्था हुई थी. जानकारी मिली कि इन सभी को सबसे पहले खाना खिलाया गया. उसके बाद बसों में बैठा कर घर वापस भेज दिया गया.

मजदूरों की वापसी के लिए सरकार ने किया इंतजाम
मध्य प्रदेश के रहने वाले प्रवासी मजदूर देश के कई अन्य प्रदेशों में लॉकडाउन का कारण फंसे हुए हैं. इन सभी को यहां वापस लाने के लिए प्रदेश सरकार जरूरी इंतजाम कर रही है. ताकि ये सुरक्षित तरीके से अपने घर वापस पहुंच सके.

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *