• मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से सतत संवाद का परिणाम सात चिकित्सकों ने संभाली जिम्मेदारी, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

सारनी। आमला विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के सतत प्रयासों को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।क्षेत्र के सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं मुख्यमंत्री क्लिनिक सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की कमी दूर करने के उद्देश्य से आठ बंध पत्र चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। इनमें से सात चिकित्सकों ने अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर पहुंचकर सेवाएं देना शुरू कर दिया है,जबकि एक चिकित्सक की ज्वाइनिंग अभी शेष है।आमला विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी के कारण मरीजों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का रुख करना पड़ता था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे लगातार मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के समक्ष क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को उठाते रहे। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के माध्यम से पत्र क्रमांक 2392,/9 अक्टूबर के तहत आठ बंध पत्र चिकित्सकों की नियुक्ति की गई। डॉ.पंडाग्रे के निजी सचिव पिंटू इवने ने जानकारी देते हुए बताया कि सात अस्पतालों में डॉक्टरों ने अपनी सेवा देना शुरू कर दिया है जिसमें
डॉक्टर मयूरी कौशिक, डॉक्टर विवेक साहू, डॉक्टर आदित्य इंडोलिया, डॉक्टर प्रणय बालपांडे, डॉक्टर खुशबू गुलजार, डॉक्टर नमृता सूर्यवंशी और पूर्व धखडे ने अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर पहुंचकर सेवाएं देना प्रारंभ कर दिया है। वहीं ऋषभ धाकड़े की ज्वाइनिंग अभी नहीं की है।
चिकित्सकों की इन नियुक्तियों से क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है। विशेष रूप से उन मरीजों को राहत मिल सकती है,जिन्हें सामान्य उपचार के लिए भी दूरस्थ अस्पतालों तक जाना पड़ता था। हालांकि, नियुक्तियों का वास्तविक लाभ चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और प्रभावी कार्यप्रणाली पर निर्भर करेगा।

जनहित के मुद्दों पर सक्रियता की सराहना

विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे ने आठ स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि चिकित्सकों की उपलब्धता से क्षेत्र की संस्थागत स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।आमला-सारनी क्षेत्र में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास के साथ चिकित्सकीय मानव संसाधन बढ़ाने की यह पहल जनहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस सुधार देखने को मिलेगा।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *