• बोले- प्रदेश का पहला लॉ कॉलेज आगर को मिला, विरोध पर कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में

आगर मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को आगर-मालवा पहुंचे। उन्होंने परेड ग्राउंड में कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा लाड़ली बहनों के खातों में योजना की 40वीं किस्त के रूप में 1,835 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं लखपति बन रही हैं और नमो ड्रोन योजना का लाभ ले रही हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आगर-मालवा जिले में 225.95 करोड़ रुपए लागत के 33 कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही, 28.14 करोड़ रुपए के 17 कार्यों का लोकार्पण भी किया। प्रदेश स्तर पर भी 250 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।

सीएम ने क्या कहा?

विधायक मधु गहलोत ने सड़कों पर घूम रही गायों के लिए चार बड़ी गौशालाओं की मांग की। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि आगर का विकास महानगर की तर्ज पर हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश का पहला विधि महाविद्यालय आगर को मिला है। धार्मिक क्षेत्रों के विकास से जिले में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। आसान आवाजाही के लिए प्रदेश में 15 हजार बसें चलाने की बात भी उन्होंने कही।

कांग्रेस पर क्या बोले मुख्यमंत्री?

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता पांच साल में एक बार जनता के बीच जाते हैं। उन्होंने सेना को लेकर विपक्ष के बयानों पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले जवानों के प्रति हर नागरिक के मन में सम्मान होना चाहिए। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री से हेलीपैड पर किसान संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। उन्होंने कलेक्टर शेरसिंह मीना के नकारात्मक रवैये की शिकायत की। सीएम ने स्वागत के बाद बाबा बैजनाथ महादेव के दर्शन, अभिषेक और पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर घरों में दीपोत्सव मनाने की अपील भी की।

कांग्रेस ने किया विरोध, कार्यकर्ता हिरासत में

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगर-मालवा दौरे के दौरान रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध करने की कोशिश की। मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया। इस दौरान 24 ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर के घर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठे हुए थे। यहां से कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के विरोध में काले झंडे लेकर पैदल मार्च करते हुए निकले। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘मोहन यादव वापस जाओ’ और ‘मोहन यादव मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मार्च की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों को रोकते और हिरासत में लेते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। इसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर हालात संभाले।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *