- 72 घंटे की मोहलत खत्म होते ही नगर पालिका की कार्रवाई, अब बनेगी 40 लाख की सड़क
बैतूल। इंदिरा वार्ड में बुधवार को नगर पालिका ने सड़क निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इटारसी रोड पर सतपाल आश्रम के सामने नगर पालिका के रिटायर्ड सहायक राजस्व निरीक्षक (एआरआई) कुन्नू लाल पल्लेवर के दो मंजिला मकान के अतिक्रमित हिस्से को तोड़ा गया। मकान का पिछला कमरा प्रस्तावित सड़क की जद में आ रहा था। कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे राजस्व निरीक्षक (आरआई) मदन विनोदकर ने बताया कि पल्लेवर परिवार को पहले भी कई बार नोटिस दिए गए थे। आखिरी बार 72 घंटे का समय देकर अतिक्रमण हटाने को कहा गया था, लेकिन तय समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि पल्लेवर परिवार का करीब 1200 वर्गफीट क्षेत्र अतिक्रमण की जद में था। मकान दो मंजिला होने के कारण जेसीबी के साथ ड्रिल मशीन का भी इस्तेमाल किया गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका का अमला और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
साढ़े सात मीटर चौड़ी सड़क बनेगी
नगर पालिका यहां करीब साढ़े सात मीटर चौड़ी सड़क और एक मीटर चौड़ी नाली का निर्माण कराने जा रही है। लगभग 40 लाख रुपए की लागत वाली इस सड़क का टेंडर पहले ही हो चुका है। यह सड़क सतपाल आश्रम के सामने से इटारसी रोड तक बनाई जाएगी। इसी लाइन में पहले भी कई पक्के अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं। अब केवल सुंदरलाल कड़वे का मकान बचा है, जिस पर कोर्ट से स्टे होने के कारण फिलहाल कार्रवाई नहीं हो सकी है। नगर पालिका का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद अब सड़क निर्माण का काम जल्द शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।