• कलेक्टर डॉ. सोनवणे की उपस्थिति में जिले के 12 सीएलएफ एवं खेती ऑर्गेनाइजेशन के मध्य 4 करोड़ का हुआ एमओयू

बैतूल। जिले की 300 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्राकृतिक खेती के जरिए आय बढ़ाने का अवसर मिलेगा। इसके लिए सोमवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे की मौजूदगी में 12 क्लस्टर लेवल फेडरेशन सीएलएफ और खेती ऑर्गेनाइजेशन के बीच करीब 4 करोड़ का एमओयू हुआ। परियोजना के तहत महिलाओं के यहां नेटशेड स्थापित किए जाएंगे, जहां वे साल भर सब्जियों और अन्य उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर सकेंगी। इसके साथ ही उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण, प्राकृतिक खेती, फसल प्रबंधन और बाजार से जुड़ाव की सुविधा भी मिलेगी।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कहा कि यह लगभग 4 करोड़ की परियोजना जिले में महिला स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं से समन्वित रूप से कार्य करते हुए कार्यक्रम का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को सशक्त बनाने तथा प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से DAY-NRLM के NETSHED कार्यक्रम के अंतर्गत यह महत्वपूर्ण एमओयू संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के 300 स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों के यहां नेटशेड स्थापित किए जाएंगे। इस पहल से संरक्षित एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलेगा, जिससे महिलाओं को वर्षभर गुणवत्तापूर्ण सब्जी एवं अन्य उद्यानिकी फसलों का उत्पादन करने तथा अपनी आय में वृद्धि करने का अवसर प्राप्त होगा।
एमओयू के अंतर्गत खेती ऑर्गेनाइजेशन द्वारा 12 सीएलएफ के सहयोग से नेटशेड स्थापना, तकनीकी प्रशिक्षण, प्राकृतिक खेती, क्षमता निर्माण, फसल प्रबंधन, मूल्य संवर्धन एवं बाजार से जुड़ाव जैसी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, जिला पंचायत, एनआरएलएम की जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम, खेती ऑर्गेनाइजेशन के प्रतिनिधि, 12 क्लस्टर लेवल फेडरेशन के पदाधिकारी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य उपस्थित रहीं।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *