• ग्राम नरेरा में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से किया संवाद, आजीविका भवन, लाइब्रेरी और सफाई व्यवस्था के दिए निर्देश

बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को आमला जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत नरेरा पहुंचकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से आत्मीय संवाद किया और उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की आय बढ़ाने, विपणन व्यवस्था मजबूत करने तथा ग्राम स्तर पर आधारभूत सुविधाओं के विकास के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। संवाद के दौरान अन्नपूर्णा आजीविका स्व-सहायता समूह की सदस्य गीता यादव ने बताया कि ग्राम नरेरा में लगभग 27 स्व-सहायता समूह सक्रिय हैं। इन समूहों की महिलाएं वेल्डिंग, सिलाई सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि नरेरा एवं आसपास के गांवों में आलू का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है।इस पर कलेक्टर ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एनआरएलएम के अधिकारियों को क्लस्टर स्तर पर आलू चिप्स निर्माण एवं विपणन के लिए व्यापार केंद्र विकसित करने तथा महिलाओं को बेहतर मार्केटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय उत्पादन को मूल्य संवर्धन के माध्यम से रोजगार और आय का बेहतर स्रोत बनाया जा सके।महिलाओं ने बैठक एवं आजीविका गतिविधियों के संचालन के लिए आजीविका भवन की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने महिलाओं को पुराने सामुदायिक भवन का उपयोग बैठक एवं आजीविका कार्यों के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सामुदायिक भवन में बच्चों और बुजुर्गों के लिए पुस्तकें एवं समाचार पत्र उपलब्ध कराते हुए लाइब्रेरी संचालित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नरेरा में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का  निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश सचिव को दिए। कलेक्टर ने एसडीएम को क्लस्टर स्तर पर टीम गठित कर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं से राजस्व संबंधी नामांतरण, बंटवारा एवं पटवारियों की उपस्थिति की जानकारी भी ली। विद्युत संबंधी समस्याएं बताने पर कलेक्टर ने एमपीईबी के संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम आमला श्री शैलेंद्र बड़ोनिया, अतिरिक्त सीईओ श्रीमती इंदिरा महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *