• कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर चली वाटर कैनन

बैतूल। जिले के चिचोली में गुरुवार को कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं, क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार समेत 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बाद में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। प्रदर्शन की शुरुआत बाजार चौक पर सभा से हुई। सभा में कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं, खाद-बीज वितरण व्यवस्था, नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार, बढ़ते नशे के कारोबार, बिजली कटौती, वन भूमि के पट्टों और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण जैसे मुद्दों को उठाया। इसके बाद बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा हुई और फिर बाजार चौक से जय स्तंभ चौक तक रैली निकाली गई।

बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका
रैली जब तहसील कार्यालय पहुंची तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी भी हुई। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, विधानसभा प्रभारी हर्षवर्धन बघेल, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पटेल, राजेंद्र जायसवाल, बटनू पटेल, अनिल भुसारी, पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी, रमेश ककौड़िया, राहुल उइके, एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी और रूपेश आर्य सहित कई कांग्रेस नेताओं ने किया।

इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन
कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल के नाम 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों को ई-टोकन प्रणाली से खाद-बीज वितरण में हो रही परेशानी दूर करने, एमडी ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई, अयोध्या स्थित श्रीराम लला मंदिर के दान पात्र चोरी मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई, नगर परिषद चिचोली में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में कार्रवाई, मुख्यमंत्री और उनके परिवार की कथित भूमि खरीद की न्यायिक जांच, वन ग्रामों के हितग्राहियों को पट्टे देने, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति पर पुनर्विचार तथा बिजली कटौती रोकने और बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने ज्ञापन लेकर मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *