• किसानों और ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान

बैतूल। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसानों और स्वयं सहायता समूहों एसएचजी के आर्थिक स्वावलंबन और मार्गदर्शन के लिए एक विशेष कृषक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, होशंगाबाद के क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश चौधरी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, भोपाल के आंचलिक प्रमुख श्री धीरज गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आंचलिक प्रमुख श्री धीरज गोयल और क्षेत्रीय प्रमुख श्री मुकेश चौधरी ने बैंक की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों और ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की अपील की। कार्यक्रम में बतौर अतिथि वक्ता डीडीएम नाबार्ड  तथा डीडीए पशुपालन उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, नाबार्ड की अनुदान योजनाओं और पशुपालन के माध्यम से आय दोगुनी करने के व्यावहारिक गुर सिखाए।

अग्रणी जिला प्रबंधक बैतूल आशुतोष कुमार सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने जिले के वित्तीय विकास, ऋण वितरण और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन में बैंक व प्रशासन की साझा भूमिका पर प्रकाश डाला। इस कृषक संध्या में अंचल के बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों और स्वयं सहायता समूहों  की महिला सदस्यों ने हिस्सा लिया। उपस्थित ग्रामीणों ने बैंक और कृषि विशेषज्ञों के साथ सीधा संवाद कर अपनी शंकाओं का समाधान किया।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *