बैतूल। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल में आयोजित तीन दिवसीय प्रवेश उत्सव ‘दीक्षारंभ-2026’ के द्वितीय दिवस पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, छात्र कल्याण, भारतीय ज्ञान परंपरा, करियर मार्गदर्शन तथा शासन की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं एवं महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डॉ. सोनाली सैनी साहू एवं डॉ. निहारिका भावसार ने मानसिक स्वास्थ्य, योग, ध्यान एवं तनाव प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। सत्र में काउंसिलर और आर्ट ऑफ़ लिविंग की प्रतिनिधि डॉ निहारिका भावसार  ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित योग का भी अभ्यास कराया ।डॉ. नीलिमा पीटर ने महाविद्यालय में उपलब्ध खेल गतिविधियों एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। प्रो. गोलू परते ने उमंग पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए आभा हेल्थ आईडी की उपयोगिता एवं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी भूमिका से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

द्वितीय सत्र में प्रो. राकेश कुमार पवार ने भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ द्वारा संचालित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी एवं विद्यार्थी पुस्तक सहायता केंद्र की गतिविधियों का परिचय देते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। प्रो. ऋषिकांत पंथी एवं प्रो. वरुण पंडोले ने करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, एबीसी आईडी, पीएमआईएस तथा स्वयं पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध शैक्षणिक, कौशल विकास एवं रोजगारपरक अवसरों की जानकारी दी।

दोपहर के सत्र में डॉ. मनोज घोरसे ने विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्रदान की। डॉ. नीलिमा पीटर ने कन्या छात्रावास तथा डॉ. जी.पी. साहू ने बालक छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं एवं प्रवेश प्रक्रिया से विद्यार्थियों को अवगत कराया। डॉ. रेणु वर्मा ने महाविद्यालयीन पुस्तकालय के साथ-साथ ONOS एवं DELNET जैसी ई-संसाधन सेवाओं के उपयोग एवं महत्व की जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ, करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, पुस्तकालय, छात्रावास तथा आईटी सेल का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

उल्लेखनीय है कि प्रवेश उत्सव ‘दीक्षारंभ-2026’ का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन वातावरण, शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र हितैषी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं एवं करियर निर्माण के अवसरों से प्रारंभिक स्तर पर परिचित कराना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

By Vishal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *